ADVERTISEMENT

बद्दी के 4 स्पा सैंटरों में पुलिस की रेड, देह व्यापार का पर्दाफाश; 17 युवतियां रैस्क्यू

Khabron wala 

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दावत चौक स्थित बिग बी कॉम्प्लेक्स में चल रहे चार स्पा सैंटरों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 17 युवतियों को रैस्क्यू किया और 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को पिछले कुछ समय से गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं कि क्षेत्र के कुछ स्पा सैंटरों में मसाज की आड़ में अवैध देह व्यापार का धंधा फल-फूल रहा है। इसके चलते पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशानुसार विशेष टीमों का गठन किया गया था। रणनीति के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ दबिश दी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान चारों स्पा सैंटरों से कुल 17 युवतियों को सुरक्षित रैस्क्यू किया गया। पुलिस प्रशासन अब कानूनी प्रक्रिया पूरी कर इन युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर रहा है। वहीं, इन अवैध गतिविधियों को संचालित करने वाले 6 अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम’ की धारा 3 और 4 के तहत 4 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी विनोद धीमान ने कहा कि बद्दी पुलिस जिले के भीतर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि ऐसे अनैतिक कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!