ADVERTISEMENT

हिमाचल के नालागढ़ में बुजुर्ग हलवाई की बेरहमी से हत्या! डंपिंग साइट पर मिली लाश, खनन माफिया पर लगा आरोप

Khabron wala 

औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ की जोघों पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले बगलैहड़ नदी क्षेत्र में खनन माफिया का दुस्साहस चरम पर है। यहां खनन माफिया पर एक 65 वर्षीय बुजुर्ग हलवाई प्रीतम की बेरहमी से हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। मृतक का शव डंपिंग साइट पर संदिग्ध परिस्थितियों में क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया।

शव मिलने से मचा हड़कंप

जानकारी के मुताबिक, शेरावाला गांव के निवासी प्रीतम पंजेरा में हलवाई का काम करते थे। परिजनों के अनुसार, वे पिछले एक दिन से लापता थे। तलाश के दौरान उनका शव बगलैहड़ नदी के पास स्थित डंपिंग साइट पर मिला। मृतक का चेहरा और शरीर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह कुचला हुआ था, जिसे देखकर परिजनों ने आरोप लगाया है कि खनन कार्य में लगे किसी टिप्पर या ट्रक चालक ने जानबूझकर उन्हें कुचल दिया है।

परिजनों ने किया प्रदर्शन

इधर, घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित ग्रामीण और मृतक के रिश्तेदार मौके पर जमा हो गए। मृतक के रिश्तेदार कैप्टन अवतार सिंह ने प्रशासन के सामने मांग रखी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी और संबंधित वाहनों को जब्त नहीं किया जाता, तब तक वे शव को नहीं उठाएंगे। परिजनों ने कुछ संदिग्धों के नाम भी पुलिस को दिए हैं। पुलिस की ओर से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ सिविल अस्पताल भेजने पर सहमत हुए।

जानें एसपी ने क्या कहा?

मामले की गंभीरता को देखते हुए बद्दी के एसपी विनोद धीवान ने कहा कि पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। उन्होंने कहा कि परिजनों के आरोपों और परिस्थितियों को देखते हुए हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जांच जारी है। जो भी वाहन या व्यक्ति इस घटना में संलिप्त पाया गया, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरी निष्पक्षता के साथ मामले की तह तक जाएगी।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!