ADVERTISEMENT

Solan: चोरी मामले में चंद घंटों के भीतर धरा आरोपी, CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सोलन पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

Khabron wala 

जिला सोलन के जटोली कोठों रोड के सामने प्लॉट कटिंग कार्यस्थल से मशीन का ब्रेकर और लोहे की पाइपें चोरी होने के मामले में पुलिस थाना सदर सोलन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस थाना सदर सोलन में विजेंद्र सिंह निवासी शामती ने बुधवार को दर्ज शिकायत में बताया कि उन्होंने जटोली कोठों रोड के सामने प्लॉट कटिंग का कार्य लगाया हुआ है, जहां कटिंग के लिए मशीन स्थापित की गई थी। 03 मार्च 2026 की सायंकाल जब वह कार्यस्थल पर पहुंचे तो पाया कि कटिंग मशीन का ब्रेकर, जो सील सहित मशीन से निकालकर नीचे रखा गया था, चोरी हो चुका था। इसके अलावा मौके पर रखी लोहे की पानी की लगभग सात पाइपों के टुकड़े भी गायब थे।

वहीं, घटनास्थल के समीप रहने वाली एक महिला ने भी जानकारी दी कि उसके घर से सरियों के दो बंडल चोरी हुए हैं। शिकायतकर्ता और उनके साथियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीन व्यक्ति सरिया ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके आधार पर पुलिस थाना सदर सोलन में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की गई।

एसपी सोलन तिरुमलाराजू एसडी वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुश्ताक मुहम्मद उर्फ सोनू खान (40) पुत्र रशीद मोहम्मद निवासी गांव चमरोग, डाकघर ओच्छघाट, तहसील और जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश और जांच जारी है

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!