Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां पुलिस थाना गगरेट के तहत बढेड़ा राजपूतां क्षेत्र की 19 साल की लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। लड़की के लापता हो जाने से उसके परिजन काफी परेशान है।
19 साल का लड़की लापता
परिजन अपनी लाडली की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। लड़की के माता-पिता उसके सही-सलामत घर लौटने की कामना कर रहे हैं। लड़की के परिजनों ने जनता और पुलिस से लड़की को ढूंढने में मदद करने की गुहार लगाई है।
लापता लड़की के परिजनों ने पुलिस थाना गगरेट में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई है। परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी सोनिया वर्मा ITI ऊना में इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की पढ़ाई कर रही है। इसी महीने से उसने ऊना जाना शुरू किया था। सानिया के पिता मुकेश कुमार वर्मा बिजली विभाग में जूनियर असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में मुकेश मनाली में तैनात हैं।
किताबें खरीदने गई थी बाजार
परिजनों ने बताया कि बीती 13 सितंबर को सोनिया दोपहर करीब 2.30 बजे घर से ऊना बाजार किताबें खरीदने के लिए गई थी। मगर देर शाम तक भी वो वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसे शाम तक कई बार फोन किया, लेकिन उसने एक भी कॉल का जवाब नहीं दिया।
इसके बाद शाम करीब 6.30 बजे के बाद उसका फोन भी ऑफ आने लगा। ऐसे में परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बच्चे को हर संभव जगह पर ढूंढा गया, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। परिजनों ने रिश्तेदारों, आस-पड़ोस के लोगों और सोनिया के दोस्तों के यहां भी उसके बारे में पता किया। मगर किसी को सोनिया के बारे में कुछ पता नहीं था।
लड़की का इंतजार कर रहे परिजन
सोनिया के लापता हो जाने से पूरा परिवार परेशान है। पिछले दो दिन से परिवार के किसी सदस्य ने अन्न का दाना तक नहीं खाया है। पूरा परिवार भूखा-प्यासा बैठकर सोनिया के सही-सलामत घर लौटने की प्रार्थना कर रहा है।
परिजनों ने अब थक-हार कर सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों से मदद की अपील की है। सोनिया के परिजनों ने सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीर साझा की है। साथ ही लोगों से ये अनुरोध किया गया है कि यदि कोई भी सोनियों को कहीं देखे तो उसे रोककर किसी सुरक्षित स्थान पर बैठाए और नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचित करे।
CCTV खंगाल रही पुलिस
मामले की पुष्टि करते हुए ASP ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा लड़की की खोज शुरू कर दी गई है। लड़की की लास्ट मोबाइल लोकेशन ट्रेस की जा रही है। साथ ही बाजार में लगे CCTV की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही सोनिया को सही-सलामत ढूंढ लिया जाएगा।