खैरियां में पत्थरों की बरसात से दहशत, लोगों को मिल रहे डरावने संदेश

Khabron wala 

उपमंडल देहरा की ग्राम पंचायत खैरियां के वार्ड नंबर 2 पनसाल में पिछले एक हफ्ते से रहस्यमयी पत्थरों की बरसात ने लोगों को भयभीत कर रखा था। हर रात अचानक घरों की छतों और आंगन में पत्थर गिरते हैं। इतना ही नहीं, कई पत्थरों पर डरावने संदेश लिखे हुए थे। एक पत्थर पर साफ लिखा मिला – “एंड गेम बचके रहना अल्ला हू अकबर”। घटनास्थल पूर्व विधायक होशियार सिंह के घर के पास ही है। खास बात यह है कि उनके घर पर पहले से ही गृह मंत्रालय की सुरक्षा के तहत सीआरपीएफ जवान तैनात हैं। इसके बावजूद पास के 4-5 घरों पर रोजाना पत्थरों की बरसात और चेतावनी भरे संदेश मिलना पूरे इलाके के लिए रहस्य बन गया।

ग्राम पंचायत प्रधान जसवीर गुलेरिया ने बताया कि सबसे पहले एक घर का ताला और ग्लेज टूटा पाया गया था। इसके बाद लगातार रात को पत्थरों का गिरना शुरू हो गया। ग्रामीणों ने पंचायत को सूचना दी और फिर पुलिस भी मौके पर पहुंची। वार्ड पंच कमल किशोर ने कहा कि मैंने पुलिस स्टेशन हरिपुर में इसकी शिकायत करवाई थी। बीती रात पुलिस के जवान गांव में गश्त पर थे। उसी रात पत्थर नहीं गिरे, जबकि पिछले एक हफ्ते से रोजाना रात को कोई पत्थर छतों पर फैंकता था।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार इलाके में संदिग्ध लोगों को भी घूमते देखा है। इस वजह से गांव में दहशत और बढ़ गई थी। कई परिवार डर के कारण रातभर सो भी नहीं पा रहे थे। इस पूरे मामले पर एसपी मयंक चौधरी ने अब साफ किया है कि इसमें किसी भी तरह का बड़ा खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आया है कि यह पत्थरों की बरसात किसी संगठन या बाहरी तत्व का काम नहीं, बल्कि बच्चों की शरारत थी। बच्चों ने मजाक में पत्थर फैंककर डर पैदा किया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!