जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र के बड़ाबन गांव के बलिदानी लांस नायक मनीष ठाकुर का बुधवार को राजकीय व सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। छोटे भाई धीरज ठाकुर ने बलिदानी को मुखाग्नि दी। रविवार को उतरी सिक्किम में हुए लैंडस्लाइड में शहीद लांस नायक मनीष ठाकुर का पार्थिव शरीर सैन्य प्रोटोकॉल के साथ बुधवार दोपहर करीब 1:00 के आसपास उनके पैतृक गांव पहुंचा।
शंभूवाला में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप ने पार्थिव शरीर को रिसीव किया गया। वहां से तिरंगा बाइक रैली के जरिए शहीद की अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे सम्मान के साथ बड़ाबन गांव पहुंची। इस दौरान कालाअंब से बड़ावन तक शहीद की वीर यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। इस दौरान मनीष ठाकुर अमर रहे जिंदाबाद के नारे अंतिम यात्रा में लगे। गमगीन माहौल के बीच ना केवल मनीष ठाकुर का परिवार, बल्कि उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हर आंख नम थी। शहीद के पिता जोगिंदर ठाकुर और भाई धीरज ठाकुर का रो कर बुरा हाल था। वही माता किरण बाला अपने लाडले को तिरंगे में लिपटा देखकर बेसुध हो गई। तो वही शहीद की वीरांगना पत्नी तनु बेहोशी की हालत में बेहाल थी। अंतिम संस्कार के दौरान भारतीय सेना की 11 कुमाऊं रेजीमेंट, फर्स्ट पैरा स्पेशल फोर्स व सिरमौर पुलिस की टुकड़ी ने बलिदानी को सैन्य सम्मान दिया गया।

प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन की ओर से एडीएम एलआर वर्मा, एसडीएम नाहन राजीव संख्यान, पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी, सैनिक वेलफेयर बोर्ड के उपनिदेशक मेजर दीपक धवन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वही जिला प्रशासन की ओर से एडीएम ने 7 लाख रुपए की फ़ौरी राहत राशि चेक वीरांगना तनु को सौंपा। वही अंतिम संस्कार के लिए 15 हजार रुपए की सहायता राशि सैनिक वेलफेयर बोर्ड के द्वारा दिए गए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने लांस नायक मनीष ठाकुर के अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। डॉ. बिंदल ने प्रभु श्री राम से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें। इस अवसर पर सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, पूर्व मंत्री एवं विधायक सुखराम चौधरी, पूर्व विधायक बलदेव तोमर और पूर्व जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता उपस्थित रहे।