जिला सिरमौर में दो अलग-अलग घटनाओं में उत्तर प्रदेश की महिला तथा हरियाणा के एक व्यक्ति की मौत हो गई है। श्रीरेणुकाजी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 77 वर्षीय सुभाष चंद्र पुत्र किशोरी लाल निवासी वार्ड नंबर 1/3 नजदीक राम पार्क रामपुरा कॉलोनी यमुनानगर हरियाणा पिछले कुछ समय से ददाहू में वाहनों की डेंटिंग पेंटिंग का काम करता था। सोमवार देर शाम को अचानक चलते हुए चक्कर आने से वह सड़क के किनारे से नीचे गिर गया। जिसके चलते उसकी मौत हो गई। मंगलवार को उसके शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया। श्रीरेणुकाजी पुलिस थाना प्रभारी रंजीत राणा ने व्यक्ति की मृत्यु की पुष्टि की है।
वहीं दूसरे मामले में जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र पांवटा साहिब के रामपुरघाट में उत्तर प्रदेश की एक महिला ने पंखे से दुपट्टा बांधकर आत्महत्या कर ली। पांवटा साहिब उपमंडल के पुरुवाला पुलिस थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका सरोजनी अपने पति के साथ रामपुरघाट में रहती थी। पुरुवाला पुलिस ने मृतिका सरोजिनी के पति महावीर पुत्र हरिनाथ निवासी ज्यूरी चंद्रमपुर डाकघर सतोथा तहसील सवाजपुर जिला हरदोई उत्तर प्रदेश तथा सरोजनी की बहन राममूर्ति के बयान दर्ज कर मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर अंतिम संस्कार के लिए लाश परिजनों को सौंप दी है। उधर पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने रामपुरघाट में यूपी की महिला के पंखे में लटक कर आत्महत्या किए जाने की पुष्टि की है।