पांवटा साहिब वन मंडल की टीम ने दुर्लभ प्रजाति के जंगली जानवर का शिकार करने वाले एक शिकारी को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान किशनकोट निवासी दर्शनलाल के रूप में हुई है, जिसने बार्किंग डियर (कक्कड़) का शिकार किया था।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने बार्किंग डियर को गोली मारकर शिकार किया और उसे जंगल में सूखे पत्तों के नीचे छिपा दिया। बाद में वह मृत हिरण को अपने घर ले आया और उसे काट-छांट कर बेचने की फिराक में था। इसी दौरान वन विभाग को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान वन विभाग की टीम ने बार्किंग डियर के अवशेष, शिकार में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक और अन्य सामग्री बरामद की। आरोपी को मौके पर ही हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
वन विभाग के अनुसार, आरोपी लंबे समय से जंगली जानवरों के शिकार में संलिप्त था और शिकार को ऊंचे दामों पर बेचता था। इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक अरण्यपाल आदित्य शर्मा और वन परिक्षेत्र अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने किया।
आरोपी के कब्जे से बार्किंग डियर के अवशेष, शिकार में प्रयुक्त बंदूक और अन्य सामान बरामद किया गया है। बार्किंग डियर वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के शेड्यूल-1 में संरक्षित प्रजाति है। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
वन विभाग ने इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को आज वन विभाग की टीम द्वारा कोर्ट में पेश किया गया है








