Solan: लुधियाना में कर रही थी पढ़ाई…हिमाचल में मिल गई बड़ी खुशखबरी, क्षेत्र में जश्न का माहौल

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के साेलन जिला के अर्की क्षेत्र की सन्याड़ी मोड़ पंचायत के छामला गांव की होनहार बेटी शगुन शुक्ला ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शगुन का चयन कृषि विकास अधिकारी (एडीओ) के पद पर हुआ है। छाेटी उम्र में इस बड़ी उपलब्धि की खबर मिलते ही शगुन के गांव और पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है।

शगुन की प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल दाड़लाघाट से पूरी हुई। कृषि क्षेत्र में रुचि होने के कारण उन्होंने चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर से एमएससी (कृषि) की डिग्री हासिल की। अपनी शिक्षा को और ऊंचाइयों पर ले जाते हुए शगुन वर्तमान में पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना से पीएचडी कर रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ इस प्रतिष्ठित पद पर चयन होना उनकी मेधा का प्रमाण है।

शगुन एक साधारण और शिक्षित परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता रमेश शुक्ला व्यवसायी हैं और माता अनुपमा शुक्ला शिक्षा विभाग में अध्यापिका हैं। अपनी इस सफलता का श्रेय शगुन ने अपने माता-पिता के त्याग, गुरुजनों के मार्गदर्शन और दोस्तों के निरंतर प्रोत्साहन को दिया है।

बेटी की इस सफलता पर पंचायत प्रतिनिधियों, समाज सेवियों और स्थानीय ग्रामीणों ने शगुन और उनके परिवार को बधाई दी है। सभी ने शगुन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!