Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में सीमैंट 15 रुपए महंगा हो गया है। यही नहीं आने वाले दिनों में सीमैंट 15 से 20 रुपए और महंगा हो सकता है क्योंकि सीमैंट कंपनियों ने अपने डिलरों को आने वाले दिनों में सीमैंट के और दाम बढ़ने के मैसेज भेजे हैं। सीमैंट के दामों में हुई इस बढ़ौतरी से आम आदमी का निर्माण बजट भी बिगड़ गया है। सीमैंट के दामों में आने वाले दिनों में होने वाली बढ़ौतरी से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। जनवरी माह में भी सीमैंट के रेट में 10 रुपए की बढ़ौतरी हुई थी।
22 सितम्बर 2025 को जीएसटी की दो स्लैब समाप्त करने के बाद हिमाचल में सीमैंट करीब 30 रुपए सस्ता हो गया था। सीमैंट जीएसटी की 28 फीसदी की स्लैब समाप्त होने के साथ ही 18 फीसदी की स्लैब के दायरे में आ गया है। इस कारण प्रदेश में पहली बार सीमैंट के रेट में 30 से 40 फीसदी की गिरावट हुई थी लेकिन उसके बाद से सीमैंट के रेट में लगातार बढ़ौतरी हो रही है।
इससे पूर्व सीमैंट के रेट में बढ़ौतरी ही हो रही थी। पिछले 2-3 वर्षों में सीमैंट के रेट करीब 150 से 200 रुपए तक बढ़ गए हैं। सोलन में सीमैंट का रेट 385 रुपए प्रति बैग था जो अब बढ़कर 400 रुपए प्रति बैग हो गया है।










