Khabron wala
मंडी जिले में एक युवती द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. सुंदरनगर पुलिस थाने के तहत आने वाले रोपा क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली, जिसके बाद इलाके में शोक की लहर है. वहीं, मृतका के परिजनों ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक द्वारा युवती को लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था. जिससे परेशान होकर ही युवती ने ये खौफनाक कदम उठाया है.
CHC सुंदरनगर में ट्रेनिंग ले रही थी युवती
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस थाना सुंदरनगर ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शिकायतकर्ता किशोर चंद (उम्र 72 साल) निवासी रोपा गांव, सुंदरनगर के बयान पर शिकायत दर्ज की गई है. शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी 22 साल की बेटी दिव्य ज्योति सैनी ने बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर ली थी और वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सुंदरनगर में ट्रेनिंग ले रही थी. 6 अप्रैल को युवती ने अपने परिजनों को बताया कि चंडीगढ़ का एक युवक उसे बार-बार फोन करके परेशान कर रहा है और मिलने के लिए दबाव बना रहा है.
शिकायतकर्ता ने युवक पर आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि आरोपी युवक, युवती को चामुखा क्षेत्र स्थित एक होटल में भी ले गया था. मृतक युवती के परिजनों का आरोप है कि युवक की लगातार कथित प्रताड़ना और दबाव के कारण युवती मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई थी. इसी तनाव के चलते उसने 7 अप्रैल की रात को अपने कमरे में जाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद जब परिजनों ने कमरे की तलाशी ली तो वहां से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
“आरोपी युवक की पहचान पंजाब के पठानकोट के रहने वाले ललित कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 8 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया है. आज उसे अदालत में पेश किया गया. पुलिस साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच कर रही है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.” – विनोद कुमार, एसपी मंडी










