Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां वॉल्वो बस को रोककर कुछ युवकों ने ड्राइवर, कंडक्टर और यात्रियों पर चाकू से हमला कर दिया. इतना ही नहीं, आरोपियों ने मौके पर पिस्टल लहराते हुए हवाई फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. यह घटना भवारना थाना क्षेत्र के तहत थुरल के पास बैरघट्टा में बुधवार रात सामने आई.
साइड न देने पर भड़के युवक
पुलिस के अनुसार, प्राइवेट वॉल्वो बस कांगड़ा के बीड़ से दिल्ली की ओर जा रही थी. जब बस बैरघट्टा के संकरे मार्ग से गुजर रही थी, तभी पीछे से आ रही काले रंग की थार में सवार युवकों ने ओवरटेक करने के लिए साइड मांगी. सड़क संकरी होने के कारण बस चालक तुरंत रास्ता नहीं दे सका, जिससे आरोपी भड़क गए. गुस्से में आकर युवकों ने बस को ओवरटेक कर आगे रोक दिया और जबरन बस के अंदर घुस गए.
बस रुकते ही आरोपियों ने ड्राइवर और कंडक्टर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और युवकों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया. इस हमले में ड्राइवर और कंडक्टर के साथ बीच-बचाव कर रहे दो अन्य लोग भी घायल हो गए. घटना के दौरान बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और माहौल पूरी तरह से भयावह हो गया.
हवाई फायरिंग से फैली दहशत
हमले के दौरान आरोपियों ने पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग भी की. इससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम हरकत में आई.
एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर ने बताया, “देर रात वोल्वो बस के चालक और स्टाफ पर चाकू से हमला करने वाले पंजाब के तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. आरोपियों की गाड़ी से हथियार भी बरामद किए गए हैं. घटना के दौरान आरोपियों द्वारा हवाई फायरिंग भी की गई थी. तीनों आरोपी पठानकोट और होशियारपुर के निवासी हैं. इस संबंध में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की गहन जांच जारी है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.”
गाड़ी से नशीला पदार्थ भी बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों की गाड़ी से नशीला पदार्थ भी मिला है. इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस तरह की घटनाओं को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी.
इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं और सख्त निगरानी की जरूरत है.









