ADVERTISEMENT

भयानक हादसा: पहाड़ी से अचानक गिरा पत्थर, बाइक समेत 500 फुट गहरी खाई में गिरा सवार, मौके पर गई जान

चम्बा-तीसा मार्ग पर रखालु माता मंदिर के समीप पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण एक बाइक अनियंत्रित होकर लगभग 500 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा एक युवक घायल हो गया है। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच आरंभ कर दी है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह बलवंत कुमार उर्फ बालो पुत्र तेज सिंह निवासी गांव दायुई चरोड़ी अपनी बुआ के लड़के भिंद्र कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर निजी काम से नकरोड़ बाजार की ओर जा रहे थे। जब वे रखालु माता मंदिर के पास पहुंचे तो पहाड़ी से अचानक एक बड़ा पत्थर पीछे बैठे बलवंत सिंह पर आ गिरा। पत्थर की चपेट में आने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया। चालक भिंद्र कुमार सड़क पर ही गिर गया, जबकि पीछे बैठा बलवंत सिंह बाइक सहित करीब 500 फुट गहरी खाई में जा गिरा, जिसके चलते मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को गहरी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। मौके पर मौजूद मृतक के भाई धर्मेंद्र और रिश्तेदार भिंद्र कुमार ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों व परिजनों के बयान दर्ज किए।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मृतक के आश्रितों को 25,000 रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान की है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!