Khabron wala
बिलासपुर जिले के तहत पुलिस थाना तलाई के अंतर्गत आने वाले भल्लू-जजरी सड़क मार्ग पर एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां दुग खड्ड के समीप एक बाइक के अचानक अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकरा जाने के कारण एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। मृतक युवक की पहचान हमीरपुर जिले के उसी जजरी गांव के निवासी राम पाल पुत्र सीता राम के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
हादसे के प्रत्यक्षदर्शी विक्रम सिंह पुत्र स्वर्गीय रतन सिंह निवासी गांव जजरी, डाकघर रैली जजरी, तहसील डटवाल, जिला हमीरपुर ने थाना तलाई में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि वह अपने साथियों कुलदीप सिंह और बिट्टू के साथ ट्रैक्टर (HP 21A-8978) पर तरेलू से अपने गांव जजरी की ओर जा रहे थे। जब उनका ट्रैक्टर भल्लू-जजरी सड़क पर दुग खड्ड के पास पहुंचा, तो उनके ठीक पीछे आ रही एक बाइक (HP 21C-1448) अचानक बेकाबू हो गई और सीधे सड़क किनारे बने पैरापिट से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक राम पाल बुरी तरह घायल हो गया।।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से राम पाल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरठीं पहुंचाया गया, लेकिनवहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही तलाई पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और हादसे की वजहों को खंगाल रही है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने इस दर्दनाक हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगामी जांच अमल में लाई जा रही है।









