रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर जून में हिमपात, चार जिलों में आज बारिश, अंधड़ का अलर्ट

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने शुक्रवार को शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के लिए भारी बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है तथा 6 जून तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश में वीरवार को कई इलाकों में अंधड़ और ओलों के साथ झमाझम बारिश हुई। शिमला समेत कई क्षेत्रों में भारी बारिश, जबकि रोहतांग दर्रा, लाहौल-स्पीति और धौलाधार की ऊंची चोटियों पर हिमपात भी हुआ। दोपहर को अचानक मौसम बदलने के बाद छह जिलों शिमला, सोलन, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा और मंडी में जोरदार बारिश, जबकि कांगड़ा में कुछ जगहों पर अंधड़ भी चला।

राजधानी शिमला में दोपहर एक से दो बजे के बीच एक घंटे में 33 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। भारी बारिश के चलते शिमला में रामचंद्रा चौक-रिच माउंट सड़क भूस्खलन के चलते बाधित हो गई है। मूसलाधार बारिश से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। शिमला और साथ लगते मशोबरा क्षेत्र में कुछ जगह ओलावृष्टि भी हुई है। जून माह में पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात और निचले इलाकों में बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट आ गई है। रोहतांग दर्रा में वीरवार शाम करीब चार बजे बर्फबारी शुरू हुई। वहीं, बारालाचा, कुंजम, शिंकुला, सीबी रेंज और धौलाधार की चोटियों पर भी हिमपात हुआ है।

कुल्लू-मनाली, बंजार, भुंतर और मणिकर्ण में जोरदार बारिश हुई। कांगड़ा जिले के पालमपुर और धर्मशाला में वीरवार शाम को अंधड़ चला। मक्की की बुआई के लिए बारिश का इंतजार कर रहे किसानों ने बारिश से राहत की सांस ली है। हालांकि, ऊना जिले में वीरवार को दिनभर गर्म हवाओं का असर रहा। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। बढ़ते तापमान से कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। किसानों के अनुसार फसलों को सामान्य से अधिक सिंचाई की जरूरत पड़ रही है और हर तीन दिन बाद खेतों की सिंचाई करनी पड़ रही है।

कहां कितना अधिकतम पारा (डिग्री सेल्सियस में)

स्थान अधिकतम तापमान (°C)

नेरी 38.6

ऊना 37.4

कांगड़ा 36.5

बरठीं 35.4

सुंदरनगर 34.7

मंडी 34.6

नाहन 33.4

धर्मशाला 33.0

चंबा 32.9

सोलन 31.5

शिमला 25.5

मनाली 25.0

सुंदरनगर 34.7

चार जिलों में आज बारिश, अंधड़ का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को प्रदेश के चार जिलों शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में भारी बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है। विभाग के अनुसार प्रदेश में 6 जून तक मौसम खराब बना रह सकता है और कई क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!