ADVERTISEMENT

सिरमौर में दर्दनाक हादसा : इलाज कराने के लिए नाहन आ रहे बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत, बेटा गंभीर घायल

Khabron wala 

सिरमौर जिले के पांवटा साहिब-नाहन-कालाअंब राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल का मेडिकल कॉलेज नाहन में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार शिलाई क्षेत्र के गांव क्यारी गुंडाह निवासी सामिया राम (68) पुत्र ढोंडू राम की तबीयत खराब थी। उनका बेटा जगपाल (20) उन्हें बाइक पर बैठाकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन लेकर आ रहा था। इसी दौरान शंभुवाला के समीप बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से दूर जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना गंभीर था कि सामिया राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि जगपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस में मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस पता लगा रही है कि हादसे की असल वजह क्या थी। क्या बाइक चालक की लापरवाही से अनियंत्रित होकर गिरी या फिर हाईवे पर किसी वाहन से टकराने के बाद बाइक हादसे का शिकार हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई में जुटी है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *