Khabron wala
ऑनलाइन मुनाफा कमाने और पैसे दोगुने करने का लालच एक बार फिर एक निर्दोष नागरिक पर भारी पड़ा है। शिमला जिले के कुमारसैन उपमंडल के तहत आने वाले कवाणू गांव व डाकघर बटारी के निवासी सुनील मेहता साइबर ठगों का शिकार हो गए हैं। शातिरों ने फेसबुक पर ट्रेडिंग एप का लुभावना विज्ञापन दिखाकर उन्हें अपने जाल में फंसाया और कुल 7,82,668 रुपए की ठगी को अंजाम दिया।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित सुनील मेहता ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक ट्रेडिंग एप्लीकेशन का विज्ञापन देखा था। इस विज्ञापन में दावा किया गया था कि यहां निवेश करने पर रकम कुछ ही समय में दोगुनी हो जाएगी। भारी मुनाफे के लालच में आकर पीड़ित ने शातिरों के कहे अनुसार अलग-अलग किस्तों में कुल 7.82 लाख रुपए जमा कर दिए। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी उन्हें कोई मुनाफा नहीं मिला और पैसे वापस निकलने बंद हो गए, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
ठगी का शिकार होने के बाद सुनील मेहता ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज करवाईं। इन शिकायतों के आधार पर पहले साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन शिमला में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। चूंकि मामला कुमारसैन थाना क्षेत्र से संबंधित था, इसलिए आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए केस पुलिस थाना कुमारसैन ट्रांसफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। पुलिस थाना कुमारसैन की टीम अब साइबर ट्रेल के जरिए शातिरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इसके तहत शिकायतकर्ता द्वारा किए गए निवेश की प्रक्रिया, बैंक खातों के लेन-देन और जिन खातों में पैसा ट्रांसफर किया गया है, उनकी बारीकी से पड़ताल की जा रही है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाया जा सके।

