ADVERTISEMENT

चंद घंटों के भीतर सिरमौर में दूसरा बड़ा हादसा, तीन मंजिला मकान ढहने से मां-बेटी की मौत; दो मासूम बच्चियां घायल

Khabron wala

जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ की ग्राम पंचायत दीदग में तीन मंजिला रिहायशी मकान अचानक धराशायी हो गया। हादसे के समय मकान में चार लोग मौजूद थे, जिनमें दो महिलाएं और दो छोटी बच्चियां शामिल थीं। हादसे में मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चियां घायल हैं।

जानकारी के अनुसार हादसा छिछड़ियां गांव में बुधवार को साफ मौसम के बीच हुआ, जहां भीम सिंह का मकान अचानक ढह गया। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सिरमौर में ये दूसरा बड़ा हादसा है।

हादसे की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान वेद प्रकाश ठाकुर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद चारों को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद सभी को 108 एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल राजगढ़ ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो महिलाओं की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 60 वर्षीय निर्मला पत्नी भीम सिंह और 32 वर्षीय पूजा पत्नी अमित राणा निवासी भवाई के रूप में हुई है। हादसे में मां-बेटी की मौत हुई है। वहीं, पूजा की डेढ़ वर्षीय बेटी ईरा और अरुण की डेढ़ वर्षीय बेटी अभियाना घायल हुई हैं। दोनों बच्चियों का नागरिक अस्पताल राजगढ़ में उपचार चल रहा है।

पंचायत प्रधान वेद प्रकाश ठाकुर ने बताया कि पूजा अपने मायके मेहमानी में आई थी, जो गर्भवती भी थीं। उसे बुधवार को ही अपने ससुराल लौटना था कि इस बीच हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि हादसे के दौरान भीम सिंह की पुत्रवधू भी मकान में थी। इसी बीच वह घर से बाहर निकली कि पीछे मकान ढह गया, जिसमें उनकी डेढ़ साल की बच्ची भी चपेट में आ गई।

उधर, एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने बताया कि हादसे के समय मकान में दो महिलाएं और दो छोटी बच्चियां मौजूद थीं। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

दोनों मृतकों के नागरिक अस्पताल राजगढ़ में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को फौरी राहत प्रदान कर दी गई है।

उधर, विधायक रीना कश्यप और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जीआर मुसाफिर ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। हादसे की सूचना से पूरे राजगढ़ क्षेत्र में मातम का माहौल है। बता दें कि मंगलवार रात संगड़ाह इलाके में हुए एक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के चंद घंटे बाद राजगढ़ इलाके में ये हादसा हो गया।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!