Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस की स्पैशल सैल ने बालूगंज थाना क्षेत्र के तहत घनाहट्टी में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवती सहित तीन लोगों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी तीन अलग-अलग जिलों से ताल्लुक रखते हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते दिन स्पैशल सैल की टीम घनाहट्टी के नलहट्टी क्रॉसिंग के पास गश्त और चैकिंग पर थी। इसी दौरान टीम ने संदेह के आधार पर एक वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन में एक युवती और 2 युवक सवार थे। जब पुलिस ने नियमों के तहत उनकी और वाहन की तलाशी ली तो उनके कब्जे से लगभग 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में 25 वर्षीय युवक बिलासपुर जिला का रहने वाला है, 34 वर्षीय युवक अर्की, जिला सोलन का रहने वाला है और 26 वर्षीय युवती जिला शिमला की रहने वाली है।
इस मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना वैस्ट शिमला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह चिट्टा कहां से लाए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। तीनों आरोपियों को जल्द ही कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि इस अंतर-जिला ड्रग्स नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पर्दाफाश किया जा सके। मामले की आगामी जांच जारी है।









