Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की विशेष टीम ने जुब्बल क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना जुब्बल की टीम ने नेहनार-जुब्बल मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान एक युवक के कब्जे से 33 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 18 वर्षीय गोविंद पुत्र बालक राम, निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपी बाहरी राज्य से नशे की यह खेप स्थानीय युवाओं को सप्लाई करने की नीयत से क्षेत्र में लाया था। पुलिस अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि इस अवैध कारोबार के तार कहां तक जुड़े हैं और आरोपी किसे यह खेप सौंपने जा रहा था।
आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना जुब्बल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि इस नशा तस्करी नैटवर्क के मुख्य सरगनाओं और स्थानीय संपर्कों का पर्दाफाश किया जा सके।








