Khabron wala
हिमाचल में नशा तस्करी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. आए दिन पुलिस नशा तस्करों को सलाखों के पीछे धकेल रही है. बावजूद इसके प्रदेश में नशा तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. ताजा मामला जिला कांगड़ा का है. कांगड़ा में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए टीम ने बणोई पुल के पास नाकाबंदी के दौरान एचआरटीसी बस में सफर कर रहे एक महिला और युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है.
“पुलिस थाना गग्गल में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चिट्टा कहां से लाया गया और आगे किसे दिया जाना था. मामले में जांच जारी है.” – कुलभूषण वर्मा, एसपी कांगड़ा
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि सीआईए टीम को देर रात गुप्त सूचना मिली थी. इसके आधार पर पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर शाहपुर से गगल के बीच बणोई पुल के नजदीक नाकाबंदी कर गाड़ियों की जांच शुरू की. इस दौरान चंबा से मनाली रूट पर जा रही HRTC की बस को चेकिंग के लिए रोका गया है. बस में सफर कर रहे एक महिला और युवक की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उनसे गहनता से पूछताछ और तलाशी ली गई. इस दौरान उनके कब्जे से 50.88 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ.
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों की पहचान मोनिका देवी (उम्र 29 साल) निवासी पालमपुर, कांगड़ा और अविनाश कुमार उर्फ कालू (उम्र 18 साल) निवासी तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है. पुलिस थाना गगल में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी चिट्टे की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था? मामले में आगामी कार्रवाई जारी है.










