ADVERTISEMENT

सितारों की चमक, शब्दों की महक और संस्कृति के रंगों से सजा ‘अक्षरम 2026’

सितारों की चमक, शब्दों की महक और संस्कृति के रंगों से सजा ‘अक्षरम 2026’

Khabron wala 

द स्कॉलर्स होम स्कूल, पांवटा साहिब में 15 नवंबर 2026 को वार्षिक समारोह ‘अक्षरम 2026 – शब्दों का उत्सव’ अत्यंत भव्यता और उत्साह के साथ आयोजित किया गया।

शब्दों, विचारों, कला, साहित्य और भारतीय संस्कृति को समर्पित इस समारोह में प्रसिद्ध हस्तियों की उपस्थिति, प्रेरणादायक संवादों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

समारोह में प्रसिद्ध अभिनेत्री सुश्री संध्या मृदुल, प्रख्यात व्यक्तित्व श्री नीरज बाली तथा सुश्री जस्सी संघा की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुश्री सौम्या द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

विद्यालय के प्रबंध निदेशक महोदय डाॅ. एन.पी.एस. नारंग ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशेष संवाद सत्रों ने विद्यार्थियों को जीवन के विभिन्न पहलुओं को समझने का अनूठा अवसर प्रदान किया। सुश्री संध्या मृदुल के साथ ‘द आर्ट ऑफ बीकमिंग’, श्री नीरज बाली के साथ ‘लाइफ लेसन्स फ्रॉम द बैटलफील्ड’ तथा सुश्री जस्सी संघा के साथ ‘मैं वापस आऊंगा’ विषय पर हुए संवादों ने अनुभवों, संघर्षों, आत्मविश्वास और जीवन के मूल्यों पर सार्थक चर्चा को मंच प्रदान किया।

समारोह में पुरस्कार वितरण भी एक महत्वपूर्ण आकर्षण रहा। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही निर्णायक मंडल के सदस्यों का अभिनंदन किया गया।

विद्यालय के प्रति लंबे समय से समर्पित सेवाएं प्रदान करने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को एक दशक और दो दशकों की सेवा पूर्ण करने पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

जिसमें दो दशकों की सेवा पूर्ण करने पर अमित कुमार , उमा रानी, रणजीत कौर, जगत सिंह, दिल मोहम्मद तथा एक दशक तक सेवाएं देने पर रितु कौशिश, सुखनीत कौर, सीमा ठाकुर, कनुप्रिया बिष्ट और रानी देवी को सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उनके समर्पण, निष्ठा और विद्यालय की प्रगति में दिए गए अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक रहा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कथक नृत्य ‘घुंघरू की गूंज’ से लेकर वेस्टर्न इंडी फ्यूजन, सूफियाना संगीत, गरबा, गिद्धा, सूफी समा और जोश से भरपूर भांगड़ा तक प्रत्येक प्रस्तुति ने भारतीय संस्कृति की विविधता और कलात्मकता को खूबसूरती से प्रदर्शित किया।

‘रक्षक या भक्षक’ तथा ‘द कोर्ट ऑफ ह्यूमैनिटी’ जैसी विषयपरक प्रस्तुतियों ने सामाजिक सरोकारों और मानवीय मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से उजागर किया। सुश्री निशा लूथरा की विशेष संगीतमय प्रस्तुति ने भी समारोह की शोभा बढ़ाई।

विद्यालय के वरिष्ठ प्रधानाचार्य श्री अभिषेक शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। अंत में विद्यालय की निदेशक महोदया श्रीमती गुरमीत कौर नारंग ने अपने संबोधन में कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की।

विद्यालय के प्रबंध निदेशक महोदय डॉ. एन.पी.एस. नारंग एवं निदेशक महोदया श्रीमती गुरमीत कौर नारंग के मार्गदर्शन में आयोजित ‘अक्षरम 2026’ ने शिक्षा के साथ-साथ साहित्य, कला, संस्कृति और जीवन मूल्यों के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

‘अक्षरम 2026’ ने यह संदेश दिया कि शब्द केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि विचारों को दिशा देने, संवेदनाओं को जोड़ने और संस्कृति को जीवंत रखने की शक्ति भी हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *