Khabron wala
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने हिमाचल प्रदेश की संपदा को बेचा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम डींगे मारना है और इससे काम नहीं चलता। उन्होंने दावा किया कि शहरी निकाय व पंचायत चुनाव में कांग्रेस धरातल और भाजपा सोशल मीडिया में जीती है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। सीएम ने कहा कि मेरे नेतृत्व में कांग्रेस 3 चुनाव जीती है। इसमें पहला चुनाव शिमला नगर निगम, दूसरा विधानसभा उपचुनाव और तीसरा शहरी निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि 5 गुटों में बंटी भाजपा को आने वाले समय में पता चलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि गुटबाजी की शिकार भाजपा शिमला के दीपकमल कार्यालय से सिर्फ सोशल मीडिया के माध्यम से झूठ का माहौल तैयार करके अपनी जीत का ढिंढोरा पीटती है।
प्रधान-उपप्रधान की अधिक और बीडीसी-जिला परिषद की एक दिन वैल्यू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में प्रधान व उपप्रधान की अधिक वैल्यू होती है। इसके विपरीत बीडीसी और जिला परिषद की एक दिन की वैल्यू होती है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस समर्थित 2400 प्रधान व 2300 उपप्रधान जीते हैं। भाजपा ने जिला परिषद चुनाव में 251 सीटों पर अधिकृत प्रत्याशी उतारे थे, जिसमें वे 100 सीटें भी नहीं जीत पाए। इसके अलावा प्रदेश की 68 पंचायत समितियों में 60 फीसदी से अधिक कांग्रेस समर्थित लोग जीते हैं। उन्होंने दावा किया कि 53 में से 49 शहरी निकाय में कांग्रेस आगे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पालमपुर नगर निगम में बंपर जीत मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा को सिर्फ 3 नगर निगमों धर्मशाला, मंडी और सोलन में जीत मिली है।
कांगड़ा, नूरपुर व ज्वालामुखी में कांग्रेस जीती
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दावा किया कि कांगड़ा, नूरपुर और ज्वालामुखी में कांग्रेस को जीत मिली है। उन्होंने कहा कि चम्बा और चुवाड़ी में जहां भाजपा दावा कर रही थी, वहां कांग्रेस के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बने हैं। भाजपा का यही हाल ज्वालामुखी और अन्य स्थानों पर हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार पहले से मई में चुनाव करवाने के लिए तैयार थी, लेकिन भाजपा बेवजह इस मामले को तूल दे रही थी।










