ADVERTISEMENT

प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी, 7 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट

Khabron wala 

हिमाचल में मानसून का मिजाज लगातार उग्र बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य में 5 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। वहीं अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के 7 जिलों कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन में फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के फ्लैश फ्लड गाइडैंस सैल ने राज्य के 7 जिलों के जलग्रहण क्षेत्रों और निचले इलाकों में अचानक पानी बढ़ने का जोखिम बताया है। संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने और जलभराव के खतरे को देखते हुए स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों और खड्डों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

मौसम विभाग ने 1 अगस्त को चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी व सोलन तथा 2 अगस्त को चम्बा, कांगड़ा, शिमला व सिरमौर में यैलो अलर्ट, 3 अगस्त को चम्बा, कांगड़ा व मंडी में यैलो अलर्ट बताया है, जबकि 4 अगस्त को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और 5 अगस्त को फिर से भारी बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 27.5 मिलीमीटर बारिश धर्मशाला में दर्ज की गई। इसके अलावा नाहन में 8.4, नेरी में 8, कांगड़ा में 6.8, मंडी में 1.6 और सुंदरनगर में 0.4 मिलीमीटर वर्षा हुई।

राज्य में अभी भी 130 सड़कें बंद

लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में करीब 130 सड़कें अभी भी बंद हैं, जिससे जनजीवन और आवाजाही खासी प्रभावित हुई है। राज्य आपातकालीन केंद्र की रिपोर्ट अनुसार सुबह प्रदेश में 170 सड़कें, 100 ट्रांसफार्मर व 41 पेयजल योजनाएं ठप्प थी, जबकि शाम 6 बजे तक सुधार हुआ और बाधित सड़कों की संख्या घटकर 130, बाधित ट्रांसफार्मर 10 तथा पेयजल योजनाएं केवल 19 रह गई हैं।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *