BDC अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव से पहले बवाल, नवनिर्वाचित सदस्य पर दबाव डालने का आरोप; FIR दर्ज

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के उपमंडल फतेहपुर में बीडीसी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव से ठीक पहले एक बड़ा राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया है। यहां की एक नवनिर्वाचित महिला बीडीसी सदस्य ने दो लोगों पर मतदान को प्रभावित करने के लिए दबाव बनाने, धमकाने और घर में घुसकर अभद्र व्यवहार करने के संगीन आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर पुलिस थाने में भटोली पकवां क्षेत्र से नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्य अनु बाला ने यह लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।शिकायत में नरनूह निवासी हरप्रीत संधू (पूर्व अध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा फतेहपुर मंडल एवं वर्तमान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य) और रैहन निवासी नवजोत (युवा मोर्चा कार्यकर्ता) को नामजद किया गया है। अनु बाला का आरोप है कि 12 जून की शाम को उक्त दोनों नेता उनके घर पहुंचे। उन्होंने अनु बाला पर आगामी पंचायत समिति चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में ही मतदान करने का दबाव बनाया, लेकिन महिला ने स्वतंत्र रूप से मतदान करने की बात कही, तो दोनों नेता कथित रूप से भड़क गए।

जांच में जुटी पुलिस

एफआईआर के मुताबिक, महिला सदस्य द्वारा स्वतंत्र रूप से मतदान करने की बात कहने पर माहौल पूरी तरह बिगड़ गया। आरोप है कि दोनों नेताओं ने महिला को धमकियां दीं। इसके बाद मौके पर कुछ अन्य लोग भी जमा हो गए, जिसके बाद स्थिति और ज्यादा तनावपूर्ण हो गई। महिला का आरोप है कि उनके साथ सरेआम गाली-गलौज की गई, दबाव बनाया गया और अभद्र व्यवहार किया गया। फतेहपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच की जिम्मेदारी सहायक उप-निरीक्षक हेमराज को सौंपी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) नूरपुर, कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और घटना के सभी तकनीकी व जमीनी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!