Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां पर मनाली से पठानकोट जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस पलट गई, जिसमें बस सवार छह लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, हादसा पुलिस लाइन कुल्लू के पास सुबह करीब 6:00 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस (एचपी 38-9738) मनाली से पठानकोट की तरफ जा रही थी। बस में कुल छह लोग सवार थे। इसी बीच पुलिस लाइन बाशिंग के समीप बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में सभी लोग घायल हो गए।घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सभी छह लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर है।
इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू अभिषेक शेखर ने बताया कि पुलिस द्वारा घटना के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है। घायलों की पहचान श्याम लाल (45) पुत्र लाला राम, निवासी बासकोला, डाकघर कटराईं (कुल्लू), कृष्ण थापा (42) पुत्र ईमान थापा, निवासी बांद्रोल (कुल्लू), छाया देवी (25) पत्नी राकेश कुमार, निवासी गांव कुठेड़, डाकघर सिहुंता, पठानकोट (पंजाब), राकेश कुमार (31) पुत्र सरदारी लाल, निवासी गांव कुठेड़, डाकघर सिहुंता, पठानकोट (पंजाब), मनमोहन सिंह (42)- बस चालक पुत्र जोगिंदर सिंह, निवासी भुट, डाकघर खरोटा, तहसील चुवाड़ी, कांगड़ा और प्रवीण सिंह (46) बस परिचालक पुत्र लाभ सिंह, निवासी गांव खन्नी, तहसील नूरपुर, कांगड़ा के रूप में हुई है।









