ADVERTISEMENT

हिमाचल में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, 34.31 ग्राम चिट्टा पकड़ा, अंतर्राज्यीय तस्करों समेत 4 गिरफ्तार

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते जाल को काटने के लिए शिमला पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने रामपुर उपमंडल के तहत तीन अलग-अलग मामलों में 4 अंतर्राज्यीय और स्थानीय तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से कुल 34.31 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।

पहले मामले में, रामपुर पुलिस थाने की टीम मुख्य आरक्षी पीयूष राज के नेतृत्व में बीते 5 सितंबर को रचोली क्षेत्र में रात्रि गश्त पर थी। रात करीब 9:10 बजे टीम ने शक के आधार पर एक व्यक्ति की तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से 7.15 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान कमलवीर (34) पुत्र राम कुमार निवासी कुरुक्षेत्र, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है।

डेराबस्सी और झाखड़ी के दो आरोपी 6.16 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचे

दूसरी कार्रवाई भी 5 सितम्बर को रचोली क्षेत्र में ही अमल में लाई गई। एएसआई इंद्रजीत की अगुवाई वाली टीम शाम करीब 4:35 बजे क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने जतिंदर सिंह (30) निवासी डेराबस्सी (पंजाब) और राजा नेगी (30) निवासी झाखड़ी (रामपुर) को रोका। तलाशी लेने पर इन दोनों के कब्जे से 6.16 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। दोनों को गिरफ्तार कर रामपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

ज्यूरी में मंडी के युवक से 21 ग्राम चिट्टा बरामद

तीसरी और सबसे बड़ी कार्रवाई रामपुर उपमंडल के ज्यूरी क्षेत्र में की गई। डिटैक्शन सैल की टीम ने कटोलू पुल के पास नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध युवक की तलाशी ली, जिसके पास से 21 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अंकित ठाकुर (27) पुत्र पवन ठाकुर निवासी हयोड़, सरकाघाट व जिला मंडी के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस थाना झाखड़ी में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस खंगाल रही नशे का पूरा नैटवर्क

शिमला पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे स्थानीय स्तर पर किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *