Khabron wala
सोशल मीडिया पर अब कुछ भी परोसा जा रहा है, जिसमें तथ्य दूर-दूर तक नहीं होते हैं। ऐसा ही कुछ बमसन ब्लॉक टौणीदेवी की 2 महिला प्रधानों के बीच हुआ है। सोशल मीडिया में खबर वायरल हो रही कि पंचायत घर में एक महिला प्रधान व 3 सचिव शराब का सेवन कर रहे थे, लेकिन जब इस पूरी खबर की ग्राऊंड रिपोर्ट का पता किया गया तो मामला कुछ और ही सामने आया।
दरअसल, बमसन ब्लॉक टौणीदेवी की एक महिला प्रधान के पंचायत घर में दूसरी पंचायत की महिला प्रधान व 3 सचिव शुक्रवार को आए हुए थे, जिसकी जानकारी पहली महिला प्रधान को नहीं थी, लेकिन गांव के कुछ लोगों ने उक्त महिला प्रधान को सूचना दी कि आपकी पंचायत में पार्टी चली हुई है। इसके बाद पहली महिला प्रधान कुछ लोगों के साथ पंचायत घर पहुंची और वहां देखा कि दूसरी पंचायत की महिला प्रधान व उनकी पंचायत का सचिव व अन्य 2 और सचिव वहां बैठे हुए थे। वहीं, पहली महिला पंचायत प्रधान ने उक्त सभी से पूछा कि आप यहां क्या कर रहे हैं तो उन्होंने बताया कि हम यहां जीपीडीपी की कार्ययोजना को तैयार करने आए हुए हैं। इसके बाद पहली महिला प्रधान ने जब पंचायत घर में लगे फ्रिज को खोल कर देखा तो वहां 2 बीयर के कैन मिले। इसके बाद पहली महिला प्रधान ने तुरन्त सुजानपुर पुलिस को मामले की सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस से सबका एल्कोहल का मैडीकल करवाने की मांग की। इसके बाद सुजानपुर पुलिस ने पहली महिला प्रधान की शिकायत पर उपरोक्त सभी का एल्कोहल का मैडीकल करवाया है। वहीं किसी महिला प्रधान का पहली बार एल्कोहल का मैडिकल होना व पंचायत घर में शराब के सेवन के आरोप लगना बहुत चर्चा का विषय बना हुआ है।
2-3 दिनों बाद आएगी रिपोर्ट
उधर सुजानपुर पुलिस का कहना है कि एक महिला प्रधान की शिकायत पर दूसरी महिला प्रधान व 3 सचिवों का एल्कोहल का टैस्ट करवाया गया है, लेकिन रिपोर्ट 2-3 दिनों बाद आएगी। उसके बाद ही सच्चाई सामने आएगी। वहीं, बमसन ब्लॉक की बीडीओ वैशाली शर्मा का कहना है कि मामला ध्यान में आया है लेकिन मैडीकल रिपोर्ट आने के बाद ही वह इस बारे कुछ कह सकती हैं।
फ्रिज में बीयर कहां से आई हो जांच
वहीं पहली महिला प्रधान का कहना है कि उनकी पंचायत में दूसरी पंचायत की महिला प्रधान एवं 3 सचिव उन्हें सूचना दिए बगैर क्या कर रहे थे और जब पंचायत घर पहुंची तो फ्रिज में 2 वीयर के केन कहां से आए। उन्होंने बताया कि मैंने ऐसा कभी नहीं कहा कि दूसरी महिला प्रधान ने शराब पी है, लेकिन उनके पंचायत घर में रखे फ्रिज में 2 वीयर के कैन कहां से आए इनकी जांच होनी चाहिए।
मैडीकल रिपोर्ट आने के बाद करूंगी कानूनी कार्रवाई
उधर, दूसरी पंचायत की महिला प्रधान का कहना है कि सच्चाई को सामने लाने के लिए उन्होंने सुजानपुर पुलिस के इन्कार करने पर भी अपना मैडीकल करवाया ताकि सच्चाई सामने आए। उन्होंने कहा कि जो झूठे आरोप मुझ पर पहली महिला प्रधान ने लगाए हैं, उन पर वह मैडिकल रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्यवाही करेंगी। उन्होंने बताया कि वह और अन्य 3 सचिव जीपीडीपी की कार्ययोजना तैयार करने गए हुए थे और पंचायत घर में दूसरी पंचायत के लोग व प्रतिनिधि भी जा सकते हैं।









