Khabron wala
जिला सिरमौर में बस के टाइम को लेकर हुए विवाद के दौरान एचआरटीसी (HRTC) बस के कंडक्टर के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार एचआरटीसी बस डिपो पांवटा साहिब में तैनात बस कंडक्टर अनिल कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 5 सितंबर को करीब 11:40 बजे वह अपनी ड्यूटी पर मौजूद था। इसी दौरान निजी बस के मालिक गुमान सिंह ने उसकी बस के आगे अपनी बस लगा दी।
शिकायत के अनुसार एचआरटीसी बस का हरिपुरधार के लिए समय 11:55 बजे निर्धारित था। उसने निजी बस को आगे से हटाने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात को लेकर गुमान सिंह ने उसके साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ मारे।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं किया था और वह अपनी ड्यूटी के तहत यात्रियों को बस में बैठने के लिए आवाज लगा रहा था।
शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप भी लगाया गया है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी है।









