हिमाचल के शूलिनी मेले में झूले की हवा निकलने से 10-12 बच्चे दबे, परिजनों ने सभी को बचाया

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के सोलन के शूलिनी मेले में रविवार शाम को मिकी माउस झूले में हादसा हो गया. अचानक हवा निकलने से झूला बैठ गया और कई बच्चे उसके नीचे दब गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना शाम करीब 6:45 बजे हुई, जब झूले पर खेल रहे लगभग 10 से 12 बच्चे उसके भीतर फंस गए, जिन्हें मौके से निकाला. इसके बाद मौके पर हंगामा हुआ और पुलिस को बुलाना पड़ा.

मौके पर मौजूद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत झूले का मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला. ऊना निवासी राहुल कुमार ने बताया कि उनका चार वर्षीय बेटा भी झूले पर मौजूद था. उनके अनुसार, स्थानीय नागरिक प्रदीप कुमार सहित अन्य लोगों की त्वरित कार्रवाई से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के समय झूला संचालक मौके से खिसक गया. उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में जीपीएस लोकेशन, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के साथ पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई है तथा झूला संचालक और मालिक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है.

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना को लेकर एफआईआर दर्ज नहीं की गई. अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मेले में संचालित सभी झूलों की तकनीकी एवं सुरक्षा जांच कराई जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. गौर रहे कि घटना के बाद फिर से झूले में हवा भरी गई और उसे चालू किया गया. इसका लोगों ने विरोध किया और संचालक के साथ धक्का मुक्की भी की. इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची थी. लोगों ने कहा कि हादसे के 15 मिनट बाद ही झूले को चालू कर दिया गया था.

 

 

 

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!