हिमाचल में चिट्टे की खेप के साथ पंजाब के 3 तस्कर गिरफ्तार, आराेपियाें में महिला भी शामिल

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का जीरो टॉलरैंस अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में नूरपुर पुलिस के सीआईए विंग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से संचालित हो रहे एक नशा तस्करी मॉड्यूल को बेनकाब किया है। टीम ने कंडवाल क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 25.65 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस नशा तस्करी में एक महिला भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार सीआईए विंग की टीम कंडवाल क्षेत्र में नियमित गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इसी बीच पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि इलाके में नशे की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लिया और चक्की पुल के समीप स्थित ज्योति होटल कंडवाल के पास मोर्चा संभाल लिया। कुछ ही देर बाद वहां से गुजर रहे 3 संदिग्ध लोगों को पुलिस ने जांच के लिए रोका। जब टीम ने संदेह के आधार पर उनकी सघन तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 25.65 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से ही तीनों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए तीनों आरोपी पड़ोसी राज्य पंजाब के रहने वाले हैं। इनकी पहचान अरजिन्दर कुमार निवासी परजा कटरा व जिला अमृतसर, अजय कुमार आनंद निवासी थथियारा वाला, अमृतसर (ग्रामीण) और अरविन्दर कौर निवासी बलटोहा जोध सिंह वाला, जिला तरनतारन के रूप में की गई है।

इस मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया है। एसपी ने बताया कि फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी चिट्टे की यह खेप कहां से लाए थे और हिमाचल में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इस खेप के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!