ADVERTISEMENT

Shimla: पुलिस के स्पैशल सैल ने 2 बसों से बरामद की चिट्टे की खेप, 3 तस्कर गिरफ्तार

Khabron wala

राजधानी शिमला में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शिमला पुलिस के स्पैशल सैल की टीम ने शोघी में नाकाबंदी के दौरान दो अलग-अलग बसों की तलाशी लेते हुए 24 ग्राम चिट्टे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध मादक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पहले मामले में पुलिस के स्पैशल सैल की टीम ने पुलिस चौकी शोघी के समीप नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान जांच के लिए रोकी गई एक बस में सवार यात्रियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बस में बैठे रोहड़ू निवासी भोपिन्दर सिंह (30) और अनुज कुमार (32) की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। जब पुलिस टीम ने भोपिन्दर सिंह की तलाशी ली, तो उसकी जैकेट की जेब में रखी सिगरेट की डिब्बी के भीतर पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में छुपाकर रखा गया करीब 13 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल मादक पदार्थ को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

दूसरे मामले में स्पैशल सैल की टीम ने शोघी के समीप ही दूसरी बस में औचक चैकिंग अभियान चलाया। तलाशी के दौरान बस की सीट पर बैठे कुमारसैन निवासी विजय ठाकुर (42) के कब्जे से करीब 11 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेते हुए उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी विजय ठाकुर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है ताकि इस नैटवर्क से जुड़े अन्य तारों का भी पता लगाया जा सके।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *