मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि जनसमस्याओं का निश्चित एवं त्वरित समाधान प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस उद्देश्य की प्राप्ति में जनमंच कार्यक्रम विशेष रूप से सहायक सिद्ध हो रहे हैं। मुख्यमंत्री आज यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेशवासियों की विभिन्न समस्याओं का उनके घर-द्वार के समीप शीघ्र एवं निश्चित समाधान करने के लिए राज्य सरकार ने जन मंच कार्यक्रम आरंभ किया है। अभी तक प्रदेश में केवल दो जनमंच कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनमंच समस्या समाधान में सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। प्रदेश सरकार आने वाले जनमंच कार्यक्रमों को और बेहतर बनाने की दृष्टि से कुछ नवीन प्रयास भी आरंभ करने जा रही है। जनमंच कार्यक्रम का नियमित अवलोकन भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनमंच कार्यक्रम एक आम कार्यक्रम नहीं है। प्रदेश के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को जनमंच के महत्व एवं उपयोगिता को समझना होगा। उन्होंने कहा कि जनमंच कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी की कोताही पाई गई तो उनके विरूद्ध निश्चित कार्रवाई की जाएगी।
जयराम ठाकुर ने विपक्ष को परामर्श दिया कि केवल आलोचना के लिए आलोचना न करें तथा प्रदेश सरकार को विकास के लिए रचनात्मक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का 6 माह का कार्यकाल विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा है। प्रदेश सरकार 6 माह के कार्यकाल में केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए 4365 करोड़ रुपये लाने में सफल हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूर्ण रूप से मज़बूत है तथा सरकार पूरी मज़बूती के साथ हिमाचल को विकास का शीर्ष बनाने के लिए कार्यरत है।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी पूनम सुपुत्री मोती राम तथा स्मृति सुपुत्री गोवर्धन से भेंट की। इन दोनों खिलाड़ियों का गत पांच वर्ष से सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत भी हिमाचली प्रमाण पत्र नहीं बनाया जा रहा था। प्रथम जुलाई, 2018 को सोलन विधानसभा क्षेत्र के तहत कंडाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत छावशा में आयोजित द्वितीय जनमंच कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज के समक्ष इन खिलाड़ियों ने अपनी समस्या रखी थी।
शिक्षा मंत्री ने मामले की पूर्ण जानकारी मिलते ही इस संबंध में जिला प्रशासन को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इन दोनों खिलाड़ियों का हिमाचली प्रमाण पत्र सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर इसी जनमंच कार्यक्रम में प्रदान किया गया था। दोनों खिलाड़ियों ने हिमाचली प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।