डीसी व एसपी सिरमौर ने माजरा क्षेत्र का लिया जायजा, कोरोना पॉजिटिव केस आने पर इलाका सील

जिला सिरमौर में कोरोना वायरस का पहला पॉजिटिव केस लोहगढ़ में सामने आ चूका है तथा संक्रमित व्यक्ति  को बद्दी शिफ्ट कर दिया गया है। इस बारे में जानकारी देते हुए उपायुक्त  सिरमौर डॉ आर के परुथी ने बताया की संक्रमित व्यक्ति 11 मार्च 2020 को निजाम्मुद्दीन दिल्ली से हरियाणा रोडवेज की बस से यमुनानगर पहुंचा था जहाँ से वह एचआरटीसी की बस एचपी18बी8435 से शाम 5 बजे बात्ता चौक पौंटा साहिब पहुंचा। वहां से वह स्थानीय गाडी पिकअप के माध्यम से मरकज मिश्रवाला पहुंचा था और 12 मार्च से लेकर 21 मार्च तक वह आस-पास की अलग-अलग मस्जिदों में रहा।

12 मार्च से लेकर 14 मार्च तक वह रेहमान मस्जिद मिश्रवाला में रुका फिर 15 से 17 मार्च तक वह उस्मान मस्जिद मिश्रवाला में तथा 18 और 19 मार्च उमर मस्जिद जगतपुर तथा 20 और 21 मार्च को मस्जिद नेहरवाली मैलियों में रुका था।  उन्होंने बताया कि 21मार्च दोपहर 3 बजे स्थानीय गांव की एक पिकअप गाडी में 14 अन्य लोगों के साथ शाम 5 बजे मदीना मस्जिद लोहगढ़ पहुंचे। उन्होंने बताया की 23 मार्च से ही वह डॉक्टर्स और पुलिस की निगरानी में तारुवाला पौंटा साहिब के क्वारंटाइन में रखे गए थे। उन्होंने बताया की जमातियों से जुड़े लोगों के 35 सैंपल और 3 अन्य लोगों के सैंपल कल जाँच के लिए आईजीएमसी  शिमला भेजे गए थे जिसमे से केवल एक व्यक्ति जोकि जमात से जुड़ा हुआ था, उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस दौरान यह व्यक्ति जिला सिरमौर में जिन-जिन स्थानों पर गया एवं जिन लोगों से मिला उनकी पहचान कर ली गयी है।

 डॉ परुथी ने बताया कि मिश्रवाला, माजरा, पुरुवाला, भगवानपुरा, पलहोडी, हरिपुरखोल और लोहगढ़ को सील कर दिया गया है इसलिए कर्फ्यू में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी और इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार कि आवाजाही पर पूर्णतः प्रतिबन्ध रहेगा। किसी भी आवश्यक वस्तु के लिए इन क्षेत्रों के लोगों को उनकी ग्राम पंचायत के प्रधान, उप-प्रधान, सचिव, पटवारी या स्वयसेवक को सूचित करना होगा, वह जरूरी वस्तुओं का प्रबंध करेंगे।उन्होंने अपील करते हुए कहा की अगर किसी कारणवश उन्हें बहार निकलना पड़ता है तो मास्क पहन कर ही निकले तथा रास्ते व सड़कों पर इधर-उधर न थूकें क्योंकि ऐसा करने से भी कोरोना वायरस का संक्रमण फैलता है। इसके इलावा, सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखें और घर वापस आते ही अपने हाथ साबुन से अच्छी तरह धोएं।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!