जिला मुख्यालय से 9 किलोमीटर की दूरी पर दोसड़का के समीप एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। युवक की मौत कनपटी पर गोली दागने से हुई है, लेकिन मामला आत्महत्या से जुड़ा है या हत्या से। यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार नाहन-ददाहू सड़क पर दोसड़का के समीप संदिग्ध हालत में पुलिस ने नाले से युवक का शव बरामद किया है। शव की जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को एक बंदूक भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि युवक की मौत कनपटी पर गोली लगने से हुई है। हालांकि, अभी शव की पहचान नहीं हो सकी है।
आशंका जताई जा रही है कि शव किसी स्थानीय युवक का नहीं है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मेडिकल कालेज भेजा है। शव के पोस्टमार्टम व फोरेंसिंक जांच के बाद ही मौत के असल कारणों से पर्दा उठ पाएगा। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर डा. केसी शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।












