श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज जी के 340वें आगमन दिवस की खुशी में नाहन में आगामी 26 अप्रैल से 5 मई तक जोड़ मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले का आयोजन गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी नाहन, समूह साध संगत, समूह जत्थे बंदिया, सिख नौजवान सेवक जत्था की ओर से किया जा रहा है।
इसमें 26 अप्रैल दिन शनिवार को गुरुद्वारा टोका साहिब से विशाल नगर कीर्तन गुरुद्वारा नाहन में दोपहर 3:00 बजे पहुंचेगा। इस दौरान विधायक अजय सोलंकी विशाल नगर कीर्तन में शिरकत करेंगे और जोड़ मेले का शुभारंभ करेगें। 27 अप्रैल को सुबह 8 बजे अखंड पाठ साहिब का आरंभ किया जाएगा। जबकि 29 अप्रैल को अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के बाद कीर्तन दरबार का आयोजन होगा। इसमें भाई कुलविंदर सिंह खरड़ वाले, भाई गुरमीत सिंह हजूरी रागी शबद कीर्तन कर संगत को निहाल करेगें। दोपहर 12:00 बजे से गुरु का अटूट लंगर चलेगा।
इसके पश्चात शाम 4:00 बजे श्री दशमेश अस्थान गुरुद्वारा साहिब नाहन से नगर कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। यह नगर कीर्तन पूरे शहर में निकाला जाएगा। 30 अप्रैल को रात्रि कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा जिसमें भाई गुरमीत सिंह शांत अमृतसर वाले, भाई तरणवीर सिंह रब्बी लुधियाना वाले शबद कीर्तन से संगत को निहाल करेगें। 5 मई को जोड़ मेले के समापन अवसर पर चौगान मैदान में दंगल और गतका का आयोजन किया जाएगा।