Khabron Wala
नालागढ़ की पुरानी धर्मशाला परिसर में रविवार शाम आतिशबाजी की चिंगारी से कुल्लू के एक कपड़ा व्यापारी के स्टाल में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा स्टाल जलकर राख हो गया। हादसे में व्यापारी का करीब 18 लाख रुपए का गर्म कपड़ों का सामान नष्ट हो गया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और साथ लगती दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया।
जानकारी के अनुसार कुल्लू निवासी कपड़ा व्यापारी साजू राम ने पुरानी धर्मशाला परिसर में गर्म कपड़ों का स्टाल लगाया हुआ था। स्टाल में कुल्लू की प्रसिद्ध शॉल, टोपियां, जैकेट और गर्म सूट बिक्री के लिए रखे गए थे। रविवार शाम करीब 8 बजे अचानक एक अतिशबाजी स्टाल के अंदर जा गिरी। इससे कपड़ों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे स्टाल को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद आसपास मौजूद दुकानदारों ने साथ लगते ट्यूबवैल से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि वे इसे नियंत्रित नहीं कर पाए। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछारें डालकर आग बुझाई। समय रहते आग पर काबू पाने से आसपास की दुकानें सुरक्षित बच गईं।
दमकल विभाग के फायर ऑफिसर जयपाल ने बताया कि गर्म कपड़ों में आग तेजी से फैलने के कारण स्टाल में रखा अधिकांश सामान जल गया है। नुक्सान का आकलन किया जा रहा है। वहीं, व्यापारी साजू राम ने बताया कि वह करीब 18 लाख रुपए का तैयार गर्म कपड़ों का माल लेकर आया था, जो पूरी तरह जलकर राख हो गया है। उसके पास केवल वही कपड़े बचे, जो उसने उस समय पहन रखे थे। इसके अलावा क्षेत्र के मस्तानपुरा, लोदीमाजरा और दत्तोवाल में मक्की के टांडों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में किसानों को हजारों रुपए का नुक्सान हुआ है।









