हिमाचल: ट्रक और डिवाइडर की दीवार के बीच दब गया चालक, दो टुकड़ों में बंट गया शरीर

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के एक ट्रक चालक की हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दर्दनाक मौत हो गई है। हादसे के समय वह ट्रक से नीचे उतरा था, इसी दौरान एक अन्य ट्रक ने उसके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चालक ट्रक और डिवाइडर की दीवार के बीच बुरी तरह से पिस गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही परिजनों को फोन पर शख्स की मौत की खबर मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। मृतक ट्रक चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हुआ हादसा

दरअसल यह हादसा सुबह सवेरे हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दिल्ली चंडीगढ़ नेशनल हाइवे 44 पर हुआ। कुरुक्षेत्र के सांवला गांव के पास ही तीन ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर हुई थी। इस हादसे में हिमाचल के कांगड़ा जिला के रहने वाले ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 44 वर्षीय राकेश कुमार निवासी कांगड़ा के रूप में हुई है। वहीं इस हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार राकेश कुमार एक निजी कंपनी का ट्रक चलाता था। वह दिल्ली से लोहे का सामान लादकर अंबाला की ओर जा रहा था। सुबह करीब साढ़े चार बजे वह सांवला गांव के पास हाईवे किनारे ट्रक रोककर बाथरूम के लिए उतरा था। इसी बीच पीछे से आ रहे हरियाणा नंबर के ट्रक ने उसकी खड़ी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। कुछ ही पलों में तीसरा ट्रक भी इनसे जा टकराया। तीन ट्रकों की जोरदार टक्कर से पिछले दोनों ट्रक के ड्राइवर केबिन में ही फंस गए।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि राकेश अपने ट्रक और डिवाइडर की दीवार के बीच दब गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद उसका शरीर क्षत.विक्षत हो गया। राकेश के शरीर का आधा हिस्सा दीवार से कटकर दूसरी तरफ जा गिरा। हादसे के बाद वहां अफरा.तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और राहगीरों की मदद से घायलों को वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

जांच अधिकारी एसआई ओमप्रकाश ने बताया कि मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। हादसे के समय राकेश का भाई भी उसके साथ था, जो घटना के बाद गहरे सदमे में है। राकेश के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

राकेश कुमार की असमय मौत की खबर हिमाचल के कांगड़ा स्थित उसके गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। पड़ोसी और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!