उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने आज पांवटा साहिब में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
उपायुक्त सिरमौर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस से पूर्व उन्होंने यमुना घाट पर यमुना आरती में भाग लिया तथा परिवार सहित पूजा अर्चना की।
इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए उन्होंने ने कहा कि पांवटा साहिब प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के महत्वपूर्ण धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थानों में से एक है। कल-कल बहती यमुना नदी के किनारे बसा यह सुंदर शहर उत्तराखंड और हरियाणा के साथ सटा है। इस क्षेत्र की संस्कृति और परंपराओं में एक अदभुत विविधता और विभिन्न संस्कृतियों का समावेश देखने को मिलता है।उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सौहार्द एवं आपसी भाईचारे की भावना सुदृढ़ होती है।
उन्होंने इस अवसर पर शुभकानाएं देते हुए कहा कि यमुना शरद् महोत्सव अपनी निरंतरता में क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को सुदृढ़ करेगा और समाज के विभिन्न वर्गों में परस्पर सौहार्द एवं सहयोग की भावना को और प्रगाढ़ बनाएगा। इस अवसर पर एसडीएम पाँवटा साहिब द्विज गोयल ने शॉल व स्मृति चिन्ह भेंटकर मुख्यातिथि को सम्मानित किया।
इस अवसर पर चेयरपर्सन निर्मल कौर, उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह मीक्का, तहसीलदार मस्त राम शर्मा, ईओएमसी कंचन बाला, नगर परिषद के पार्षदों सहित, अश्वनी शर्मा तथा अध्यक्ष हिमोत्कर्ष राजेंद्र तिवारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।









