Khabron wala
हमीरपुर जिला के विकास खंड बिझड़ी के तहत आने वाली सकरोह पंचायत के घुमारवी गांव में देर रात एक घर के आंगन में खड़ी एक बाइक अचानक आग की लपटों में घिर गई और देखते ही देखते जलकर खाक हो गई।
घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। तभी अचानक बाहर से पटाखे जैसी तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब परिवार के सदस्य बाहर भागे तो उन्होंने देखा कि अपाचे आरटीआर (2018 मॉडल) बाइक धू-धू कर जल रही थी। पीड़ित परिवार ने तुरंत आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि जब तक उस पर काबू पाया जाता, बाइक पूरी तरह जल चुकी थी।
जानकारी के अनुसार उक्त बाइक अमरीश कुमार पुत्र नानक चंद के भाई की थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग किसी तकनीकी खराबी से लगी है या फिर किसी ने रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आग लगने के असली कारणों का पता लगाने के लिए गहनता से छानबीन की जा रही है।












