उपमंडल पांवटा साहिब के कोटड़ी ब्यास गांव से एक दुखद खबर सामने आई है। छह माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर हृदय घात की आशंका जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार महिला पहले से दो बेटों की मां थी और छह माह की गर्भवती थी। परिजनों ने बताया कि उसे एक दिन पहले से सीने में दर्द की शिकायत थी। दर्द को सामान्य समझकर घर पर ही इलाज किया जाता रहा।समय बीतने के साथ उसकी हालत बिगड़ती चली गई। तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिजन उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लेकर निकले। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार महिला को मृत अवस्था में लाया गया था। डॉक्टर ने बताया कि महिला छह माह की गर्भवती थी। दुर्भाग्यवश मां और गर्भ में पल रहे शिशु, दोनों की मृत्यु हो चुकी है।घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मृत्यु हृदय घात से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की औपचारिक कार्रवाई में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।यह घटना गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य लक्षणों को नजरअंदाज न करने की अहम सीख भी दे रही है। किसी भी असामान्य दर्द या परेशानी की स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है।









