Khabron wala
शिमला के पुलिस कप्तान के रूप में कार्यभार संभालते ही एसएसपी गौरव सिंह ने ड्रग पैडलरों का नैटवर्क ध्वस्त करते हुए कुख्यात ड्रग पैडलर सहित 2 आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। शिमला पुलिस ने चिट्टे के दर्ज 5 मामलों में संलिप्त कुख्यात अंतर्राज्यीय ड्रग पैडलर विजय उर्फ डेविड उर्फ बिहारी (28) पुत्र शालिग्राम निवासी बबियाल राणा काम्पलैक्स, थाना महेश नगर, अंबाला कैंट को पंजाब के जीरकपुर से दबोचा है। इसके साथ ही पुलिस ने नितेश शर्मा उर्फ माइक (28) पुत्र पुष्प देव शर्मा, आइकन अपार्टमैंट, वीआईपी रोड, जीरकपुर को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी विजय बिहारी एक कुख्यात नशा तस्कर है, जो हिमाचल प्रदेश के शिमला और अन्य जिलों में चिट्टे की सप्लाई करता है। वह पिछले कुछ समय में ही शिमला शहर, ठियोग, रामपुर और रोहड़ू के क्षेत्रों में हिमाचली मूल के 70 से अधिक व्यक्तियों को चिट्टे की आपूर्ति कर रहा था। पूर्व में डेविड उर्फ विजय बिहारी को वर्ष 2023 में भी शिमला जिला के थाना ठियोग में 180 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था।
विजय उर्फ डेविड के खिलाफ दर्ज हैं कई मुकद्दमे
मुख्यारोपी विजय उर्फ डेविड का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ अंबाला कैंट में 2 और ठियोग पुलिस थाना में 2 मुकद्दमे दर्ज हैं। शिमला जिला में पकड़े गए 5 मामलों में इसी ने ही यहां चिट्टे की आपूर्ति की थी। बालूगंज थाना के तहत एचआरटीसी की बस में 30.700 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए 2 आरोपियों राहुल व विशाल वर्मा को जीरकपुर से डेविड ने ही चिट्टा बेचा था। पुलिस चौकी जतोग के तहत 11 ग्राम चिट्टे के साथ एक युवती सहित 4 लोगों को गिरफ्तार करने के बाद जांच में सामने आया था कि डेविड ने ही इन्हें चिट्टे की खेप बेची थी। पुलिस थाना ठियोग के तहत 12 ग्राम चिट्टे के साथ 2 आरोपियों केहर सिंह व मनोज शर्मा को धरा गया है, जिसमें खुलासा हुआ कि केहर सिंह के खिालाफ 7 मुकद्दमे पहले ही दर्ज हैं। पुलिस थाना रामपुर के तहत वाहन में सवार 2 आरोपियों नरेश व युगल किशोर से पुलिस ने 9.26 ग्राम चिट्टा पकड़ा था और इस मामले में भी जांच में सामने आया कि आरोपियों ने व्हाट्सएप काॅल के माध्यम से डेविड से संपर्क करके जीरकपुर से चिट्टे की डिलीवरी ली थी। कुमारसैन पुलिस थाना के तहत आल्टो कार में सवार 3 आरोपियों कुलदीप, सोनू व दीपक से 11 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया था और इन्होंने भी व्हाट्सएप काॅल के माध्यम से डेविड से ही जीरकपुर में चिट्टे की डिलीवरी ली थी।
अंतर्राज्यीय नैटवर्क के 15 आरोपी अब तक गिरफ्तार : गौरव
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि जिला पुलिस शिमला द्वारा एनडीपीएस के अंतर्गत दर्ज किए गए कई मुकद्दमों में बैकवर्ड लिंकेज की जांच को मजबूती से आगे बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में थाना ठियोग, बालूगंज, रामपुर और कुमारसैन में दर्ज पांच मुकद्दमों की समानांतर जांच में पाया गया कि इन सभी मुकद्दमों में गिरफ्तार किए नशा तस्करों का मुख्य सरगना जो इन्हें चिट्टे के नशे की नियमित सप्लाई किया करता था, वह विजय उर्फ डेविड नाम का एक कुख्यात नशा तस्कर पाया गया। आरोपी डेविड के खिलाफ मुकद्दमों में उसकी संलिप्तता सुनिश्चित होने के बाद पुलिस थाना ठियोग में दर्ज मुकद्दमे की जांच टीम को आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पंजाब में भेजा गया। शिमला पुलिस की टीम ने तकनीकी इनपुट का उपयोग करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए 24 घंटे से अधिक के फिल्ड ऑप्रेशन के माध्यम से निरंतर और समयबद्ध प्रयास किए। टीम ने 2 बड़े नशा तस्करों को पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है, जिसमें इन पांचों मामलों में चिट्टा सप्लाई करने वाला मुख्य सरगना आरोपी डेविड को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी मामलों में जांच जारी है। इनमें आरोपी डेविड की 335 ग्राम चिट्टे से ज्यादा की तस्करी में संलिप्तता पाई गई और इस अंतर्राज्यीय नैटवर्क में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।












