ADVERTISEMENT

Solan: गिरि पेयजल योजना में खराबी, सोलन शहर में नहीं हुई पानी की आपूर्ति

Khabron wala 

गिरि पेयजल योजना के अचानक बंद होने के कारण शनिवार को सोलन शहर में पानी का संकट गहरा गया। शहर में शनिवार को पानी की आपूर्ति नहीं हुई। शुक्रवार को गिरि पेयजल योजना की पहले पाइप लाइन फट गई थी, जिसे जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों ने जैसे ही इसे ठीक कर पानी की आपूर्ति को बहाल किया तो गिरि पेयजल योजना के पावर पैनल में ब्लास्ट हो गया। इसके कारण पानी की लिफ्टिंग बंद हो गई। शुक्रवार को गिरि पेयजल योजना से पानी की लिफ्टिंग बंद होने के कारण निगम के स्टोरेज टैंकों में पानी बहुत कम स्टोर था।

इसके कारण शनिवार को न्यू आफिसर व पुरानी कालोनी, जवाहर पार्क टैंक से ओल्ड बस स्टैंड, शक्तिनगर व मालरोड, न्यू चम्बाघाट लाइन से एचआरटीसी, आटा मिल, बेर की सेर व क्लब टैंक से डालडा कालोनी, सेर क्लीन, सरदार मोहल्ला, सन्नी साइड व सर्कुलर रोड के एरिया में पानी की आपूर्ति बंद रही । इन सभी एरिया को अब रविवार को पानी की आपूर्ति की जाएगी। जिन एरिया में रविवार को पानी मिलना था, अब उन एरिया में सोमवार को पानी की आपूर्ति होगी। यदि चौथे दिन पानी मिल रहा था अब पांचवें दिन पानी मिलेगा। एक-दो दिनों तक गिरि पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति सही रही तो फिर से निर्धारित समय पर पानी मिलना शुरू हो जाएगा।

सोलन शहर में प्रतिदिन पानी की खपत 90 से 95 लाख लीटर की है। गिरि व अश्वनी पेयजल योजना से निगम के टैंकों पानी की आपूर्ति की जाती है। अश्वनी से तो प्रतिदिन 20 से 30 लाख लीटर पानी की लिफ्टिंग होती है लेकिन गिरि पेयजल योजना से निगम को अश्वनी की तुलना में दो गुना या इससे अधिक पानी उपलब्ध होता है। हालांकि शनिवार दोपहर के बाद गिरि पेयजल योजना की खराबी को दूर कर, पानी की लिफ्टिंग बहाल हो गई है।

नगर निगम टैंक की कर रहा सफाई

नगर निगम लोगों को स्वच्छ पानी मिले, इस उद्देश्य से स्टोरेज टैंकों की सफाई भी करवा रहा है। निगम द्वारा इन दिनों 12 लाख गैलन की स्टोरेज क्षमता वाले की सफाई करवाई जा रही है। इस टैंक को पहले साफ किया गया फिर उसमें पेंट करवाया जा रहा है। इसके बाद निगम की 8 लाख गैलन की स्टोरेज क्षमता वाले टैंक की सफाई करने की योजना है। इससे पूर्व भी एक बड़े टैंक की सफाई की गई थी।

नगर निगम की एसडीओ अल्पना ठाकुर ने बताया कि गिरी पेयजल योजना बाधित होने के कारण शनिवार को शहर में पानी की आपूर्ति नहीं की गई। अब लिफ्टिंग बहाल हो गई है। रविवार को उन सभी क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति की जाएगी, जहां पर शनिवार को पानी मिलना था। इसके अलावा शहरवासियों को स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने के मकसद से एक टैंक की सफाई करवाई जा रही है। यह काम पूरा होते ही दूसरे टैंक की भी सफाई की जाएगी।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!