Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के भीतर हत्या का दूसरा बड़ा मामला सामने आया है। ताजा घटना शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र की है, जहां हमलावरों ने नेपाल मूल के एक व्यक्ति की हत्या कर शव नदी किनारे फेंक दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
साथियों पर शक की सुई
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के चिड़गांव की उपतहसील जांगला के बडियारा क्षेत्र का है। मृतक की पहचान 46 वर्षीय सेती राम (नेपाल मूल) के रूप में हुई है, जो स्थानीय स्तर पर मजदूरी का काम करता था। जानकारी के अनुसार, सेती राम को मंगलवार शाम उसके कुछ नेपाली साथियों के साथ बडियारा में शराब पीते हुए देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में हुए विवाद के बाद उसके साथियों ने ही हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पब्बर नदी किनारे फेंककर फरार हो गए। वहीं, बुधवार सुबह व्यक्ति का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
इधर, घटना की सूचना मिलते ही रोहड़ू के डीएसपी प्रणव चौहान और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। शिमला के पुलिस अधीक्षक (SP) गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए दो संदिग्ध व्यक्तियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।











