ADVERTISEMENT

हिमाचल में जीरो इनरोलमैंट वाले 39 स्कूल होंगे बंद, जल्द जारी हाेगी अधिसूचना : शिक्षा मंत्री

Khabron wala 

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने वीरवार को शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए गुणात्मक शिक्षा की दिशा में किए जा रहे सुधारों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य भर में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और संस्थागत सुविधाओं को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने, संसाधनों का बेहतर उपयोग और सरकारी संस्थानों में मजबूत शैक्षणिक वातावरण विकसित करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में 39 छात्र और छात्रा विद्यालयों का विलय कर सह-शिक्षा संस्थानों में परिवर्तित किया गया है। इसके अतिरिक्त जीरो इनरोलमैंट वाले 39 विद्यालयों को निरस्त करने के लिए शीघ्र ही अधिसूचना जारी की जाएगी।

2 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करने वाले विद्यार्थियों मिलेगा परिवहन भत्ता

शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिए कि 2 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करने वाले विद्यार्थियों को समय पर परिवहन भत्ता उपलब्ध करवाया जाए। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को गैर-सीबीएसई विद्यालयों के विलय के लिए प्रारूप तैयार करने के निर्देश भी दिए। शिक्षा मंत्री ने कहा कि 100 से कम नामांकन वाले महाविद्यालयों का भी विलय किया जाएगा। शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों का समायोजन आवश्यकता के अनुसार अन्य संस्थानों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से व्यावसायिक पाठयक्रमों, शिक्षकों की भर्ती या वर्तमान कर्मचारियों की सेवाओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेेगा। उन्होंने कहा कि इन सुधारों के परिणामस्वरूप किसी भी कर्मचारी की नौकरी नहीं जाएगी।

छात्रावासों के लिए लंबित 1.2 करोड़ रुपए के डाइट फंड को शीघ्र जारी करने के निर्देश

रोहित ठाकुर ने खेल छात्रावासों के लिए लंबित 1.2 करोड़ रुपए के डाइट फंड को शीघ्र जारी करने तथा इस धनराशि के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। खेल अधोसंरचना के विकास के बारे में उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए निर्णयों के अनुसार नए और उन्नत खेल छात्रावासों को तत्काल प्रभाव से कार्यशील करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें जिला शिमला के चौपाल स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्र खेल छात्रावास (वाॅलीबाॅल), जिला सिरमौर के शिलाई स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कन्या खेल छात्रावास (कबड्डी), जिला शिमला के जुब्बल स्थित ठाकुर रामलाल कन्या खेल छात्रावास में लड़कियों के लिए बॉक्सिंग खेल की शुरूआत तथा जिला बिलासपुर के मोरसिंघी में हैंडबाॅल खेल छात्रावास शामिल हैं। इन नई व्यवस्थाओं के साथ खेल छात्रावासों में संबंधित खेल विधाओं की संख्या बढ़ाकर 12 हो गई है।

शिक्षकों की भर्ती के लिए तय 23 वर्ष न्यूनतम आयु सीमा होगी समाप्त

शिक्षा मंत्री ने विभाग को एससीईआरटी द्वारा तैयार मॉड्यूल के आधार पर नव पदोन्नत प्रधानाचार्यों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए रिक्त पडे़ पदों को शीघ्र भरने के निर्देश भी दिए। उन्होंने शिक्षकों की भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा 23 वर्ष को समाप्त करने और आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ियों और पीईपी की संयुक्त घोषणा से संबंधित मामलों तथा राज्य में पीएम श्री विद्यालयों की प्रगति की भी समीक्षा की।

एनसीसी कैडेट्स के लिए हैंगर एयरपोर्ट सुविधा

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिक्षा विभाग द्वारा वित्त पोषित एनसीसी कैडेट्स के लिए हैंगर एयरपोर्ट सुविधा पूरी तरह से संचालित करवाने पर संतोष व्यक्त किया। पहले कैडेटों को जालंधर हवाई अड्डे जाना पड़ता था, लेकिन अब वे सीधे कुल्लू हवाई अड्डे में उतर सकते हैं, जिससे यात्रा और प्रशिक्षण की व्यवस्थाएं काफी सुगम हो गई हैं। बैठक में शिक्षा सचिव राकेश कंवर, परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा राजेश शर्मा, उच्च शिक्षा निदेशक डाॅ. अमरजीत शर्मा, स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!