Himachal : 4 वर्षीय बच्चे का कमाल, एक हाथ से कर दिया ऐसा कारनामा…बना डाला ‘कलाम वर्ल्ड रिकॉर्ड’

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के एक छोटे से लाल ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से प्रदेश और जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया है। मूल रूप से चम्बा से संबंध रखने वाले 4 वर्षीय मास्टर सात्विक वर्मा ने इतनी कम उम्र में कलाम वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर एक नया इतिहास रच दिया है। सात्विक का परिवार वर्तमान में नोएडा के सैक्टर-78 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू 2 सोसायटी में रहता है।

बिना साइड सपोर्ट के 6 मिनट तक एक हाथ से चलाई साइकिल
नन्हे सात्विक ने वन-हैंड साइक्लिंग (एक हाथ से साइकिल चलाने) का ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि देखने वाले भी दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए। सात्विक ने बिना किसी साइड सपोर्ट (ट्रेनिंग व्हील्स) के लगातार 6 मिनट से भी अधिक समय तक एक हाथ से साइकिल चलाई। विशेषज्ञों का मानना है कि 4 साल की उम्र में बच्चों के लिए बिना साइड सपोर्ट के साइकिल पर सीधा संतुलन बनाए रखना ही एक बहुत बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में एक हाथ से साइकिल को बैलेंस करना और वह भी 6 मिनट से ज्यादा समय तक, अपने आप में एक असाधारण और अद्भुत उपलब्धि है।

माता-पिता और दादा-दादी का मिला पूरा सपोर्ट
13 अगस्त 2021 को जन्मे सात्विक की इस अनूठी सफलता के पीछे उनके परिवार का बड़ा योगदान है। सात्विक के माता-पिता दोनों पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। अपनी व्यस्त दिनचर्या के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की इस खास प्रतिभा को पहचाना और उसे निखारने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, भले ही सात्विक नोएडा में रहते हैं, लेकिन चम्बा में रहने वाले उनके दादा-दादी और नाना-नानी का अपार स्नेह, आशीर्वाद और दूर से मिला प्रोत्साहन भी सात्विक की इस बड़ी सफलता की नींव बना।

क्षेत्र में खुशी की लहर
महज 4 साल की उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना सात्विक के परिवार के साथ-साथ पूरे चम्बा और हिमाचल प्रदेश के लिए बड़े ही गर्व की बात है। जैसे ही यह खबर चम्बा पहुंची, स्थानीय लोगों, रिश्तेदारों और परिचितों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी सात्विक की इस प्रतिभा की जमकर सराहना कर रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!