मुख्यमंत्री के अवकाश संबंधी आदेशों पर सवाल, करवाचौथ पर भी खुला रहेगा पांवटा साहिब का डेंटल कॉलेज
Khabron wala
शरद महोत्सव की स्थानीय छुट्टी पर भी खुला रहा कॉलेज, अब करवाचौथ पर महिला कर्मचारियों को अवकाश न मिलने को लेकर उठे सवाल
पांवटा साहिब। हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब स्थित हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज एक बार फिर छुट्टी को लेकर चर्चा में है। कॉलेज प्रशासन की ओर से 28 अक्टूबर 2026 को जारी नोटिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को करवाचौथ के दिन संस्थान सुबह 9 बजे से शाम 3:30 बजे तक खुला रहेगा।
इस मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि जब प्रदेश सरकार की ओर से करवाचौथ पर अवकाश की घोषणा की गई है, तो कॉलेज प्रशासन ने संस्थान खुला रखने का निर्णय क्यों लिया? क्या सरकार द्वारा घोषित अवकाश के नियम कॉलेज पर लागू नहीं होते?
स्थानीय स्तर पर यह भी कहा जा रहा है कि पांवटा साहिब में शरद महोत्सव के अवसर पर घोषित स्थानीय अवकाश के दिन भी डेंटल कॉलेज खुला रहा था। ऐसे में करवाचौथ पर कॉलेज खुला रखने के नोटिस ने एक बार फिर छुट्टियों से जुड़े नियमों और प्रशासनिक निर्णयों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
महिला कर्मचारियों के लिए करवाचौथ का विशेष महत्व है। ऐसे में अवकाश की घोषणा और कॉलेज के कार्य समय को लेकर स्थिति स्पष्ट करना जरूरी है।
अब सवाल यह है कि कॉलेज प्रबंधन ने शरद महोत्सव की स्थानीय छुट्टी और करवाचौथ के दिन संस्थान खुला रखने का निर्णय किन नियमों के तहत लिया? क्या जिला प्रशासन इस मामले में संज्ञान लेकर स्थिति स्पष्ट करेगा?
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और जिला प्रशासन से मांग है कि मामले की जांच कर सरकारी अवकाश संबंधी निर्देशों की स्थिति स्पष्ट की जाए।







