Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में मौसम के करवट बदलने के बाद से सर्द मौसम लौट आया है. प्रदेश में बीते 36 घंटों से कई हिस्सों में लगातार बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है. बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के मध्य और निचले क्षेत्रों में बारिश के साथ जिला कुल्लू, किन्नौर और लाहौल स्पीति के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी भी रिपोर्ट की गई है. मौसम विज्ञान का केंद्र शिमला का अनुमान है कि आज पूरे दिन प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी हालांकि कल से प्रदेश में मौसम का खुलने की संभावना है.
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में बारिश बर्फबारी की गई रिपोर्ट: IMD
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के मुताबिक, ’19 मार्च की रात से हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके चलते मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. पिछले 24 घंटों के दौरान मनाली में सबसे अधिक 57 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. इसके बाद पालमपुर में करीब 50 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला भी जारी है. बर्फबारी की बात करें तो हांसा में सबसे अधिक 25 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है. इसके अलावा गोंदला में 21 सेंटीमीटर और कल्पा में 17 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है’.
कहां कितनी बारिश-बर्फबारी
शिमला – 3.4 मिमी बारिश
सुंदरनगर – 1.2 मिमी बारिश
भुंतर – 26.5 मिमी बारिश
कल्पा – 19.0 मिमी बारिश
धर्मशाला – 15.3 मिमी बारिश
ऊना – 5.0 मिमी बारिश
पालमपुर – 6.6 मिमी बारिश
मनाली – 53.0 मिमी बारिश
कांगड़ा – 6.5 मिमी बारिश
मंडी – 4.0 मिमी बारिश
सियोबाग – 32.4 मिमी बारिश
सराहन – 32.5 मिमी बारिश
नेरी – 3.0 मिमी बारिश
केलांग – 12.0 सेमी बर्फबारी
कुकुमसेरी – 11.4 सेमी बर्फबारी
कल्पा – 0.4 सेमी बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार कई शहरों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है. शिमला में न्यूनतम तापमान 7.0°C (सामान्य से -1.5°C नीचे), धर्मशाला में 8.2°C (सामान्य से -3.2°C कम), नाहन में 10.0°C (सामान्य से -6.5°C कम), मनाली में 3.1°C, कल्पा में 1.2°C और कुकुमसेरी में -0.6°C तापमान दर्ज किया गया है. वहीं अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है, जैसे शिमला में 12.6°C, भुंतर में 15.4°C और मनाली में 11.6°C तापमान रिकॉर्ड किया गया है.
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज के लिए जारी किया अलर्ट
वहीं मौसम विज्ञान केंद्र ने आज प्रदेश के मध्यवर्ती इलाकों में बारिश के साथ बिजली चमकने और गर्जना की भी संभावना जताई है. इसी को देखते हुए आज के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है. मौसम के इस बदलाव का असर राज्य के तापमानों पर भी साफ देखा जा रहा है. प्रदेश प्रदेश के सामान्य तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. वहीं, अधिकतम तापमान पांवटा साहिब में रिकॉर्ड किया गया है.
कल से मौसम खुलने की संभावना, 23 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय
हालांकि, कल से हिमाचल प्रदेश में इस पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने की संभावना है. कल से हिमाचल प्रदेश में मौसम खुल सकता है. साथ ही तापमान में भी 6 से 8 डिग्री तक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. हालांकि 23 मार्च को राज्य में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इसका असर खासतौर पर चंबा, कांगड़ा और लाहौल स्पीति जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में देखने को मिल सकता है. यह पश्चिमी विक्षोभ अभी के मुकाबले कम प्रभावशाली रहने वाला है. इस पश्चिमी विक्षोभ की चलते प्रदेश में 26 तारीख तक कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है.










