Khabron wala
हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दूसरे चरण का आज तीसरा दिन है. आज राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर चल रही चर्चा आज अपने अंतिम दिन में पहुंच गई है. सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच पिछले दो दिनों से तीखी बहस देखने को मिल रही है. अब सभी की नजरें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर टिकी हैं, जो आज सदन में विपक्ष के सवालों का जवाब देंगे. विधानसभा में आज धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का समापन होगा. इस दौरान विपक्ष ने सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर कई सवाल उठाए हैं. वहीं सत्ता पक्ष ने अपनी उपलब्धियों को गिनाते हुए जवाब दिया है. आज मुख्यमंत्री सदन में उठाए गए सभी मुद्दों पर विस्तृत जवाब देंगे, जिससे बहस का निष्कर्ष सामने आएगा.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि, “कांग्रेस की सरकार OPS खत्म नहीं करेगी. भाजपा OPS बंद करने के लिए सरकार को बार-बार तंग कर रही है. लेकिन, हम OPS वापस नहीं लेंगे. जहां जरूरत थी हमने वहां पर पंचायतों का गठन किया. कई जगहों पर पंचायतों का डिस्टेंस 40 किलोमीटर तक का था. हमने 2.85 BPL परिवारों का कुछ नहीं बंद किया है. अभी पांच चरणों में 85 हजार परिवारों का चयन हुआ है. अब छठे चरण का सर्वे होना बाकी है.”

CM सुक्खू ने कहा कि, हिमाचल 12 लाख तक की आय वाले परिवार में अगर किसी बच्चे का चयन बड़े शिक्षण संस्थानों के लिए होता है तो हम ऐसे बच्चों के 30 लाख का लोन एक फीसदी ब्याज पर देगी. हिमाचल में साढ़े तीन साल में एक भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है. CBI और ED इनकी है. युवा पीढ़ी को बचाने को हम मंत्रिमंडल सदस्यों के साथ सड़क पर चले. उन्होंने कहा कि कौन मुख्यमंत्री सड़क पर चलता है. राज्यपाल अभिभाषण प्रस्ताव सदन में ध्वनिमत से पारित हुआ.
भाजपा ने किया सदन से वॉक आउट
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि, “पूर्व भाजपा सरकार ने पांच साल में प्रदेश की संपदा को लुटाया है, लेकिन हम प्रदेश की संपदा को नहीं लुटने देंगे.” इसके बाद सदन में विपक्ष ने शोर शराबा शुरू कर दिया. इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष के सदस्यों से बैठने की अपील भी की.
वहीं, चर्चा का उत्तर देते हुए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू अपनी सीट पर बैठ गए. उसके बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. जयराम ठाकुर ने कहा कि, “आपने तो आपदा प्रभावित परिवारों पर FIR दर्ज की है. आप जो आरोप लगा रहे हैं, इसे हम सिरे से खारिज करते हैं.” इसके साथ सदन में विपक्ष ने नारेबाजी शुरू हो गई और भाजपा ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉक आउट कर दिया.











