हिमाचल प्रदेश सरकार नशे के खात्मे के लिए पूर्णतय: दृढ़ संकल्प है और इसी कड़ी में जिला सिरमौर, पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों की धर पकड़ जारी है। इस अभियान के अन्तर्गत जिला सिरमौर पुलिस द्वारा गत दिनों में नशे के सौदागरों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करते हुए, नशे के बड़े- 2 तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में अपार सफलता प्राप्त की है । जिनमे पुलिस द्वारा वाणिज्यिक मात्रा में नशीले पदार्थों के तस्करों के अतिरिक्त मध्यम व कम मात्रा के तस्करों को भी गिरफ्त में लिया गया हैं ।
इसी कड़ी में दिनांक 18-03-2026 को हिमाचल प्रदेश सरकार, गृह विभाग द्वारा जारी आदेश की अनुपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, STF-FU CID शिमला के नेतृत्व व प्रभारी पुलिस थाना पाँवटा साहिब जिला सिरमौर की अगवाई में संयुक्त अभियान (Joint operation) द्वारा महमूद अली उर्फ बुलबुल पुत्र स्व० गुल मोहम्मद निवासी मकान नं0 269, वार्ड नं0 5 बातामण्डी, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर, हि.प्र. उम्र 56 वर्ष को दिनांक 18.03.2026 समय 07:30 बजे सायं स्थान बातामण्डी, पांवटा साहिब से विधी अनुसार अधीन धारा 3(1) PIT NDPS Act के अंतर्गत निरुद्ध/डिटेन किया गया।
आरोपी महमूद अली को विधिवत निरुद्ध करने के पश्चात आवश्यक औपचारिकताएँ पूर्ण कर समस्त आवश्यक अभिलेखों सहित आदर्श केन्द्रीय कारागार नाहन जिला सिरमौर भेज दिया गया है।
आरोपी महमूद अली अन्तर्राजीय नशा तस्करी में संलिप्त है जिसके विरुद्ध चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) में अभियोग संख्या 11/2023 दिनांक 05.11.2023, धारा 8/15(c), 29 NDPS Act दर्ज पाया गया है जिसमें इसके कब्जे से 1042.850 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ तथा थाना पिल्लूखेड़ा, जिला जींद (हरियाणा) में अभियोग संख्या 85/2024 दिनांक 30.04.2024, धारा 18(C) ND&PS Act पंजीकृत होना पाया गया जिसमें इसके कब्जा से 2.563 किलोग्राम अफीम बरामद होनी पाई गई है। आगामी आदेशों तक यह जेल में रहेगा । इसके विरुद्ध नशा के कारोबार में रोक लगाने के लिये अन्य कार्यवाही भी जारी है।
यह असामाजिक तत्वों के लिए एक सख्त चेतावनी है कि सिरमौर में अपराध लाभदायक नहीं रहेगा। हम अपने समाज और युवाओं को नशे की गिरफ्त से मुक्त करने के लिए दृढनिश्चयी हैं। नशा तस्करों की धरपकड़ व उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही के लिये राज्य स्तर पर गठित स्पैशल टास्क फोर्स (STF) के साथ जिला सिरमौर पुलिस कंधे से कंधा मिलाकर चलने के लिये कृत संकल्प है ताकि नशा तस्करों के जाल का समूल नाश निश्चित किया जा सके ।
सिरमौर पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि वे नशीली दवाओं की गतिविधियों से संबंधित कोई भी विश्वसनीय सूचना साझा करके इस लड़ाई में अपना सहयोग जारी रखें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाती है।











